सांदीपनि स्कूल में प्रार्थना के बाद 3 छात्राओं की तबीयत बिगड़ी, अस्पताल में भर्ती
रतलाम, 27 नवम्बर (इ खबर टुडे)। जिले के रावटी स्थित सुभाष चंद्र बोस छात्रावास की छात्राओं की अचानक तबीयत बिगड़ने का सिलसिला शुक्रवार को भी जारी रहा। सांदीपनि स्कूल में सुबह प्रार्थना के तत्काल बाद कक्षा 6वीं, 7वीं और 8वीं की तीन छात्राओं—राधा (13 वर्ष, पिता रूपा गोदा), सूर्या (13 वर्ष, पिता सोहन डोडियार) और सोनू (14 वर्ष, पिता देवीलाल भूरिया) की अचानक तबीयत खराब हो गई, जिससे स्कूल परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। स्कूल प्राचार्य और स्टाफ ने तत्परता दिखाते हुए तीनों बालिकाओं को तत्काल रावटी स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां ड्रिप लगाकर उनका उपचार किया जा रहा है।
गौरतलब है कि इससे एक दिन पहले गुरुवार को भी इसी छात्रावास की 9 बालिकाओं की तबीयत इसी तरह बिगड़ी थी, जिन्हें अस्पताल ले जाकर उपचार कराया गया था। गुरुवार को बीमार हुई छात्राओं में अंशिका (12 वर्ष, पिता शांतिलाल कटारा), मुस्कान (12 वर्ष, पिता दिनेश कटारा), प्रियंका (12 वर्ष, पिता कांतु भूरिया), अनुराधा (12 वर्ष, पिता कालू डामर), लक्ष्मी (12 वर्ष, पिता बाबू पारगी), आयुषी (12 वर्ष, पिता तौलाराम डोडियार), दिव्या (पिता राम सिंह चौहान), सत्यबाला (8 वर्ष, पिता शैतान मालीवाड) और बुलबुल (पिता कृष्णा गरवाल) शामिल हैं। इस तरह बीते दो दिनों के भीतर एक ही हॉस्टल की कुल 12 छात्राएं बीमार हो चुकी हैं।
भोजन के बाद प्रार्थना में बिगड़ी तबीयत: प्राचार्य
मामले को लेकर सांदीपनि स्कूल के प्राचार्य अमर सिंह भाभर ने बताया कि छात्राएं हॉस्टल से भोजन करने के बाद सुबह 10 बजे स्कूल आई थीं। प्रार्थना के तत्काल बाद तीन छात्राओं को अचानक तकलीफ होने लगी, जिसके बाद उन्हें तुरंत अस्पताल भिजवाया गया। उन्होंने आशंका जताई कि संभवतः खाने-पीने की किसी वस्तु के कारण यह स्थिति बनी हो सकती है। हालांकि, स्पष्ट कारण जांच के बाद ही सामने आ पाएगा।
फूड पॉइजनिंग नहीं, डिहाइड्रेशन की आशंका: तहसीलदार
घटना की सूचना मिलते ही तहसीलदार कुलभूषण शर्मा और शिक्षा विभाग के अधिकारी मौके पर व स्वास्थ्य केंद्र पहुंचे। तहसीलदार शर्मा ने बताया कि अस्पताल में डॉक्टरों ने छात्राओं की जांच की है। बच्चियों को चक्कर आने की शिकायत थी, लेकिन उनमें उल्टी या फूड पॉइजनिंग जैसे कोई लक्षण नहीं मिले हैं। डॉक्टरों के अनुसार यह मामला डिहाइड्रेशन (पानी की कमी) का हो सकता है। फिलहाल तीनों छात्राओं को ड्रिप चढ़ाई जा रही है। बच्चियों के पूरी तरह स्वस्थ होने पर उनसे बातचीत कर विस्तृत जानकारी ली जाएगी, साथ ही गुरुवार को बीमार हुई 9 छात्राओं के मामले की हिस्ट्री भी खंगाली जा रही है।