{"vars":{"id": "115716:4925"}}

 रतलाम / मोहर्रम जुलूस हाई टेंशन लाइन से टकराने से 3 की मौत के मामले में लापरवाही पर 3 बिजली कर्मचारीयो पर गिरी गाज 

घायलों से मिलने मेडिकल कॉलेज पहुंचीं कलेक्टर

 

 

रतलाम, 26 जून (इ खबर टुडे)। रतलाम जिले के पिपलौदा विकासखंड के ग्राम हतनारा में गुरुवार की रात मोहर्रम जुलूस के दौरान एक दर्दनाक हादसा हो गया। यहाँ जुलूस के दौरान ताजिया हाई टेंशन बिजली लाइन की चपेट में आ गया, जिससे करंट फैलने से 3 लोगों की मौत हो गई और एक दर्जन से अधिक लोग घायल हो गए। हादसे के बाद कलेक्टर ने कड़ी कार्रवाई करते हुए विद्युत वितरण कंपनी के एक कर्मचारी को निलंबित कर दिया है, जबकि दो अन्य को सेवा से पृथक (बर्खास्त) करने के आदेश जारी किए हैं।

​ग्रामीणों के अनुसार, हर साल मोहर्रम के जुलूस के दौरान एहतियात के तौर पर हाई टेंशन लाइन का पावर कट (बिजली बंद) कर दिया जाता था। लेकिन इस बार बिजली कंपनी के जिम्मेदारों द्वारा ऐसी कोई सतर्कता नहीं बरती गई, जिसके कारण यह भयानक हादसा हुआ।

​लापरवाही पर कलेक्टर की बड़ी कार्रवाई
​हादसे को गंभीरता से लेते हुए कार्यालय कार्यपालन अभियंता, मध्य प्रदेश विद्युत वितरण कंपनी द्वारा दोषी कर्मचारियों पर तत्काल प्रभाव से सख्त कार्रवाई की गई है। ​घनश्याम गिर लाइनमैन को शिकायत निवारण केंद्र हतनारा में जुलूस के दौरान ड्यूटी पर उपस्थित होने के बावजूद लापरवाही बरतने के कारण तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। निलंबन अवधि में इनका मुख्यालय जावरा तय किया गया है। और ​समरथ मकवाना और गोबीलाल बिजली श्रमिक को कार्य में घोर लापरवाही पाए जाने पर इन दोनों को काम से पृथक (बर्खास्त) करने के आदेश जारी किए गए हैं।

​घायलों से मिलने मेडिकल कॉलेज पहुंचीं कलेक्टर
​घटना की सूचना मिलते ही कलेक्टर निशा सिंह और शहर एसडीएम तरुण जैन तत्काल मेडिकल कॉलेज रतलाम पहुंचे। उन्होंने अस्पताल में भर्ती हादसे के पीड़ितों से मुलाकात की और उनका कुशल-क्षेम जाना।

मेडिकल कॉलेज में ड्यूटी पर तैनात डॉक्टर ने बताया कि वर्तमान में तीन गंभीर घायल मेडिकल कॉलेज में उपचाराधीन हैं। डॉक्टरों की टीम लगातार उनकी निगरानी कर रही है और फिलहाल तीनों की स्थिति खतरे से बाहर बताई जा रही है। शेष घायलों का भी उचित उपचार जारी है।