रतलाम पुलिस की बड़ी कार्यवाही: 70 ग्राम एमडी ड्रग्स के साथ 3 तस्कर गिरफ्तार, 7.50 लाख का माल जब्त
रतलाम,28 फरवरी(इ खबर टुडे) | जिले में अवैध नशे के सौदागरों के खिलाफ पुलिस का 'क्लीन स्वीप' अभियान पूरी रफ्तार से जारी है। इसी कड़ी में पिपलौदा थाना पुलिस ने एक बड़ी सफलता प्राप्त करते हुए 70 ग्राम एमडी (MD) ड्रग्स जब्त की है। पुलिस ने इस मामले में मुख्य आरोपी सहित कुल तीन तस्करों को गिरफ्तार किया है।
मुखबिर की सूचना पर घेराबंदी
पुलिस अधीक्षक अमित कुमार के निर्देशन में जिलेभर में मादक पदार्थ तस्करों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत पिपलौदा पुलिस को सटीक सूचना मिली थी। 26 फरवरी की रात मुखबिर ने खबर दी कि एक व्यक्ति बिना नंबर की मोटरसाइकिल से ड्रग्स की खेप लेकर निकलने वाला है।
सूचना की गंभीरता को देखते हुए सुजापुर फंटा पंचेवा पर पुलिस टीम ने घेराबंदी की। इस दौरान पुलिस ने एक टीवीएस राइडर मोटरसाइकिल को रोका, जिस पर सवार युवक की तलाशी लेने पर उसके पास से 70 ग्राम एमडी ड्रग्स बरामद हुई।
पकड़े गए आरोपी और बरामदगी
पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट के तहत कार्रवाई करते हुए मौके से मुख्य आरोपी को गिरफ्तार किया और बाद में उसकी निशानदेही पर दो अन्य साथियों को भी दबोच लिया।
गिरफ्तार आरोपी:
मोईन पिता लतीफ मोहम्मद (20 वर्ष), निवासी मंदसौर (मुख्य आरोपी)
आशीफ पिता सलीम मंसुरी (21 वर्ष), निवासी कचनारा, दलौदा
अयान पिता मोईन मंसुरी (20 वर्ष), निवासी करीम कॉलोनी, दलौदा
जब्त सामग्री:
70 ग्राम एमडी ड्रग्स: अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब 7 लाख।
बिना नंबर की टीवीएस राइडर: कीमत करीब ₹50,000।
कुल मशरूका: 7,50,000।
इनकी रही सराहनीय भूमिका
इस सफल ऑपरेशन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विवेक कुमार लाल और एसडीओपी जावरा संदीप मालवीय के मार्गदर्शन में पिपलौदा थाना प्रभारी निरीक्षक रमेश कोली की टीम का विशेष योगदान रहा। टीम में उप निरीक्षक राजू मखोड, इन्द्रपाल सिंह राठौर, सउनि कैलाश बोराना सहित आरक्षक अनिल डोडियार, राहुल लोहार और अन्य जवानों ने मुस्तैदी दिखाई।