{"vars":{"id": "115716:4925"}}

 अनवरत कार्य करने वाले मोदी जी जैसा विश्व में कोई नेता नहीं - कैबिनेट मंत्री चेतन्य काश्यप

 भाजपा सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने पर ‘‘विकसित भारत संकल्प सम्मेलन’’आयोजित 
 
 

रतलाम, 11 जून(इ खबर टुडे)। भारत को सौभाग्य से मोदी जी जैसा नेतृत्व मिला है। वे लगातार राष्ट्र के लिए समर्पित होकर भारत माता का गौरव बढ़ाने का कार्य कर रहे है। विकसित भारत 2047 के रूप में उन्होंने हर भारतीय के लिए रोड़मेप दिया है। विश्व में कोई ऐसा नेता नहीं, जिसने 4399 दिन लगातार एक दिन भी अवकाश नहीं लिया हो और अनवरत प्रतिदिन देश के लिए कार्य किया हो। मोदी जी ही ऐसे नेता है और उन्हें 32 राष्ट्रों से जो सर्वोच्च सम्मान मिले है, वे भी किसी को नहीं मिले होंगे।


यह बात कैबिनेट मंत्री चेतन्य काश्यप ने भारतीय जनता पार्टी द्वारा प्रधानमंत्री  नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में केन्द्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने पर आयोजित ‘‘विकसित भारत संकल्प सम्मेलन’’ को संबोधित करते हुए कही। सम्मेलन में सांसद अनिता चौहान, भाजपा जिलाध्यक्ष प्रदीप उपाध्याय, महापौर प्रहलाद पटेल, आरडीए अध्यक्ष मनोहर पोरवाल, उज्जैन जिला प्रभारी बजरंग पुरोहित, इन्दौर ग्रामीण प्रभारी शैलेन्द्र डागा एवं जिला महामंत्री जयवंत कोठारी मंचासीन रहे। 

श्री काश्यप ने मोदी जी के 12 वर्षीय कार्यकाल की उपलब्धियों पर विस्तार से प्रकाश डालते हुए कहा कि भारत को आज शक्तिशाली राष्ट्र के रूप में जो पहचान मिली है, वह मोदी जी की ही देन है। उनके नेतृत्व में इस दौरान 25 करोड़ लोग गरीबी रेखा से बाहर हुए, 81 करोड़ से अधिक लोगों को मुफ्त अनाज योजना का लाभ मिल रहा है, 60 करोड़ से अधिक लोगों के आयुष्मान कार्ड बनाए गए है, देश में मेडिकल कॉलेज की संख्या 80 से बढ़कर 170 हो गई है, 4 करोड़ से अधिक प्रधानमंत्री आवास बने है और 58 करोड़ से अधिक जन-धन खातें खुलने के साथ बैंकिंग क्रांति आई है।


श्री काश्यप ने कहा कि मोदी जी ने स्वच्छता को नागरिक आंदोलन बनाया। इसके तहत 12 करोड़ से अधिक शौचालय निर्मित किए गए है, 16 करोड़ से अधिक घरों में नल-जल कनेक्शन हुए है, उज्जवला योजना में 11 करोड़ से अधिक कनेक्शन दिए गए है। डिजिटल भारत का निर्माण भी तेजी से हो रहा है। उन्होंने कहा कि किसी भी देश की स्थिति जीडीपी से आँकी जाती है और मोदी जी के नेतृत्व में तमाम वैश्विक विपरित परिस्थितियों के बावजूद भारत की जीडीपी 7 प्रतिशत बनी रही है। वे लगातार आम आदमी के जीवन में बदलाव का प्रयास कर रहे है। उनके नेतृत्व में राम मंदिर का निर्माण, धारा 370 की समाप्ति सहित कई धार्मिक, सामाजिक एवं आर्थिक उन्नति के कार्य भी हुए है। श्री काश्यप ने कहा कि मोदी जी के विकसित भारत 2047 संकल्प की कल्पना अति विस्तृत है। इससे आने वाली पीढ़ी को गर्व से यह कहने को मिलेगा की हम हिन्दू है, हम भारतीय है और हम नंबर 1 है।


सांसद अनिता चौहान ने इस मौके पर कहा कि मोदीजी ने गरीबों, महिलाओं, किसानोें सभी वर्गों के लिए अनेक योजनाएं लागू कर हर वर्ग का कल्याण किया है। उनके नेतृत्व में भारत का डंका विदेशों में भी बज रहा है। आरंभ में भाजपा जिलाध्यक्ष प्रदीप उपाध्याय ने स्वागत भाषण दिया। कार्यक्रम का संचालन जिला महामंत्री जयवंत कोठारी ने किया। आभार जिला उपाध्यक्ष प्रहलाद राठौड़ ने माना।