{"vars":{"id": "115716:4925"}}

रतलाम / 24 घंटे में चोरी का खुलासा, घरेलू सहायिका गिरफ्तार, 3.50 लाख के जेवर बरामद

 

 

रतलाम, 26 नवम्बर (इ खबर टुडे)। स्टेशन रोड थाना पुलिस ने घर में हुई चोरी की वारदात का 24 घंटे के भीतर खुलासा करते हुए घर में काम करने वाली महिला को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी महिला के पास से करीब 3.50 लाख रुपये मूल्य के सोने-चांदी के जेवर बरामद किए हैं।

प्रतापनगर निवासी 63 वर्षीय फरियादी राजेन्द्र वाघ ऑटो पार्ट्स की दुकान चलाते हैं और घर में अकेले रहते हैं। 23 नवंबर को दोपहर करीब 3:15 बजे वे दुकान गए थे और शाम 7:30 बजे लौटे तो अलमारी का लॉकर खुला मिला। अलमारी से सोने का ब्रेसलेट, चांदी के सिक्के, चांदी की चेन और 7,000 रुपये नकद गायब थे।

फरियादी को घर में तीन महीने से झाड़ू-पोछा का काम करने वाली महिला पर संदेह हुआ। 24 नवंबर को दर्ज रिपोर्ट के आधार पर स्टेशन रोड थाने में अपराध क्रमांक 923/2026, धारा 306 बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।

वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन और स्टेशन रोड थाना प्रभारी निरीक्षक मुनेन्द्र गौतम के नेतृत्व में गठित टीम ने आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले और संदेही सोनम पति शकील पठान (32), निवासी प्रतापनगर (आरा मशीन के पीछे) से पूछताछ की। पूछताछ में उसने चोरी स्वीकार कर ली और अपने घर में छिपाए गए जेवर बरामद करवाए।

यह सामान हुआ बरामद
पुलिस ने आरोपी महिला के कब्जे से करीब 15 ग्राम का सोने का ब्रेसलेट, करीब 10 ग्राम का सोने का सिक्का, करीब 50 ग्राम की चांदी की चेन और करीब 30 ग्राम वजन के चांदी के 3 सिक्के जब्त किए हैं। जब्त सामान की अनुमानित कीमत करीब 3,50,000 रुपये आंकी गई है।

इस कार्रवाई में निरीक्षक मुनेन्द्र गौतम के साथ उनि युनुस खान, प्र.आर. ममता हाड़ा, प्र.आर. जितेन्द्र सिंह बघेल, आरक्षक विजय वसुनिया, मकन सिंह और नरेन्द्र परमार की भूमिका रही।

पुलिस की अपील: नागरिकों से अपील की गई है कि वे घरेलू और व्यावसायिक कर्मचारियों का पुलिस सत्यापन अवश्य कराएं, कीमती सामान सुरक्षित रखें और घरों व प्रतिष्ठानों में सीसीटीवी कैमरे लगवाएं।