रतलाम: शासकीय नर्सिंग महाविद्यालय में चोरी, खिड़की तोड़कर प्रोजेक्टर और दरवाजे ले उड़े चोर
रतलाम, 02 जुलाई (इ खबर टुडे)। शहर के स्टेशन रोड थाना अंतर्गत आने वाले शासकीय नर्सिंग महाविद्यालय में एक अज्ञात बदमाश द्वारा चोरी की बड़ी वारदात को अंजाम देने का मामला सामने आया है। घटना बीते 29 जून की बताई जा रही है। मामले की सूचना मिलने पर पुलिस ने जांच के बाद बुधवार को अज्ञात आरोपी के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर लिया है। पुलिस फिलहाल कॉलेज परिसर और आस-पास के सीसीटीवी फुटेज खंगालने में जुटी है।
मिली जानकारी के अनुसार, 29 जून को एक अज्ञात बदमाश नर्सिंग कॉलेज की खिड़की तोड़कर अंदर दाखिल हुआ। बदमाश ने कॉलेज के कमरे में रखे कीमती प्रोजेक्टर, प्लास्टिक की कुर्सियां और वहां लगे चार एल्युमिनियम के दरवाजे उखाड़े और उन्हें चोरी कर रफूचक्कर हो गया।
शिक्षिका की सतर्कता से चला पता
घटना का खुलासा तब हुआ जब कॉलेज की एक शिक्षिका ने कमरे का ताला और खिड़की टूटी देखी। सामान गायब होने पर उन्होंने तुरंत अपने वरिष्ठ अधिकारियों को मामले से अवगत कराया। सिविल सर्जन ए पी सिंह ने बताया की चोरी की सुचना स्टेशन रोड थाने पर दी गई है, साथ ही परिसर में लगे सीसीटीवी फुटेज भी पुलिस को दे दिए गए है।
पुलिस का कहना
स्टेशन रोड थाना पुलिस ने शिकायत के आधार पर अज्ञात बदमाश के खिलाफ चोरी का मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस टीम कॉलेज में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाल रही है ताकि आरोपी की पहचान कर उसे जल्द से जल्द गिरफ्तार किया जा सके।