रतलाम / पुलिसकर्मी के यहां हुई चोरी का 6 घंटे में खुलासा, दो आरोपी गिरफ्तार
रतलाम, 24 मार्च (इ खबर टुडे)। थाना स्टेशन रोड पुलिस ने जयभारत नगर में पुलिसकर्मी के घर हुई चोरी की वारदात का महज 6 घंटे के भीतर खुलासा कर बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से चोरी गया सामान भी बरामद कर लिया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार दो दिन पूर्व 22 मार्च की रात जयभारत नगर निवासी इमरान पिता अनवर खान के घर अज्ञात बदमाशों ने नकबजनी घर में सेंध लगाकर चोरी की घटना को अंजाम दिया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक अमित कुमार के निर्देश पर जिलेभर में सक्रियता बढ़ाई गई।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विवेक कुमार लाल और नगर पुलिस अधीक्षक सत्येंद्र घनघोरिया के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी जितेंद्रसिंह जादौन के नेतृत्व में टीम गठित कर जांच शुरू की गई। पुलिस टीम ने सीसीटीवी फुटेज और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर संदिग्धों की पहचान की। तत्परता दिखाते हुए पुलिस ने दो आरोपी शादाब 22 वर्ष निवासी काजीपुरा, केजार उर्फ गोलू 24 वर्ष निवासी काजीपुरा को हिरासत में लेकर पूछताछ की, जिसमें उन्होंने चोरी करना स्वीकार कर लिया।
बरामद चोरी का माल
पुलिस ने आरोपियों के पास से करीब 15,000 रुपये कीमत के चांदी के आभूषण बरामद किए हैं।
सराहनीय भूमिका
आरोपियों को गिरफ्तार करने में थाना स्टेशन रोड के निरीक्षक जितेंद्रसिंह जादौन सहित पूरी टीम निरीक्षक दिनेश राठी, उपनिरीक्षक विजय बामनिया, सहायक उपनिरीक्षक प्रकाश डाबर और अन्य पुलिसकर्मियों की अहम भूमिका रही।