सहायक जेल अधीक्षक व जेल प्रहरी भर्ती परीक्षा का दूसरा चरण 7 अक्टूबर से, भोपाल में होगा फिजिकल और डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन
रतलाम/भोपाल, 01 अक्टूबर(इ खबर टुडे)। मध्य प्रदेश कर्मचारी चयन मंडल (MP ESB) द्वारा आयोजित सहायक जेल अधीक्षक एवं जेल प्रहरी भर्ती परीक्षा-2026 के लिखित परीक्षा में पास हुए अभ्यर्थियों के लिए दूसरे चरण की प्रक्रिया 7 अक्टूबर से शुरू होने जा रही है। 18 अक्टूबर तक चलने वाले इस चरण में अभ्यर्थियों का शारीरिक नापजोख, शारीरिक प्रवीणता टेस्ट (PET) और दस्तावेजों का सत्यापन किया जाएगा।
यह पूरी प्रक्रिया भोपाल स्थित अंतरराष्ट्रीय स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स (मध्यप्रदेश शूटिंग अकादमी के सामने, नाथू बरखेड़ा रोड, नीलबड़) में आयोजित होगी।
256 सहायक जेल अधीक्षक और 8,217 जेल प्रहरी के दावेदार मैदान में
भर्ती प्रक्रिया के तहत सहायक जेल अधीक्षक के कुल 25 पदों के लिए प्रथम चरण में 256 अभ्यर्थी पात्र पाए गए हैं। वहीं, जेल प्रहरी के 757 पदों के मुकाबले 8,217 अभ्यर्थियों ने लिखित परीक्षा में सफलता हासिल की है। अब ये सभी अभ्यर्थी दूसरे चरण की परीक्षा में शामिल होंगे।
गौरतलब है कि मंडल द्वारा लिखित परीक्षा का आयोजन 4 जून से 20 जून 2026 तक किया गया था, जिसका परिणाम 14 अगस्त को घोषित हुआ था।
अभ्यर्थी वेबसाइट से प्रपत्र डाउनलोड कर पहुंचे परीक्षा स्थल
मंडल ने सफल अभ्यर्थियों को निर्देश दिए हैं कि वे कर्मचारी चयन मंडल की आधिकारिक वेबसाइट www.esb.mp.gov.in या जेल विभाग की वेबसाइट jail.mp.gov.in पर जाकर आवश्यक प्रपत्र डाउनलोड कर लें। अभ्यर्थी तय तिथि और समय पर अपने सभी मूल दस्तावेजों एवं मांगी गई आवश्यक जानकारी के साथ भोपाल स्थित परीक्षा केंद्र पर उपस्थित होना सुनिश्चित करें।