उत्कृष्ट परीक्षा परिणाम देने वाले शिक्षकों का प्राचार्य ने किया सम्मान
रतलाम / ढोढर, 05 सितम्बर (इ खबर टुडे)। शिक्षक दिवस के अवसर पर शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय ढोढर में सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। विद्यालय में उत्कृष्ट परीक्षा परिणाम देने वाले शिक्षकों का प्राचार्य श्रीमती आरती सिसोदिया द्वारा सम्मान किया गया। प्राचार्य ने शिक्षकों की मेहनत, समर्पण एवं विद्यार्थियों के बेहतर भविष्य के लिए किए जा रहे प्रयासों की सराहना की।
इस अवसर पर सरपंच जगदीश माली द्वारा प्राचार्य श्रीमती आरती सिसोदिया का स्वागत एवं अभिनंदन किया गया। वहीं विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने भी शिक्षक दिवस के अवसर पर अपने सभी गुरुजनों का सम्मान किया।
कार्यक्रम में प्राचार्य श्रीमती आरती सिसोदिया एवम् शिक्षकों ने विद्यार्थियों को शिक्षक दिवस के महत्व से अवगत कराया तथा शिक्षा के साथ अनुशासन, संस्कार और निरंतर मेहनत के महत्व पर प्रकाश डाला।
उत्कृष्ट परीक्षा परिणाम के लिए शिक्षकों का सम्मान किए जाने से विद्यालय परिवार में उत्साह का माहौल रहा। कार्यक्रम ने शिक्षकों की मेहनत को प्रोत्साहन देने और विद्यार्थियों को बेहतर परिणाम के लिए प्रेरित करने का संदेश दिया।