{"vars":{"id": "115716:4925"}}

माहेश्वरी समाज की पहल से नवीन आधार सुधार केंद्र का शुभारंभ

कसारा बाजार स्थित माहेश्वरी धर्मशाला में तीन दिवसीय आधार अपडेशन शिविर प्रारंभ
 
 

रतलाम, 28 जनवरी(इ खबर टुडे)। अल्प बचत अभिकर्ता संगठन भारत, माहेश्वरी समाज एवं डाकघर रतलाम के संयुक्त सौजन्य से कसारा बाजार स्थित माहेश्वरी धर्मशाला में आधार सुधार हेतु नवीन आधार केंद्र का शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ समाज अध्यक्ष एवं पूर्व महापौर शैलेंद्र डागा तथा अधीक्षक डाकघर राजेश कुमावत द्वारा किया गया।

इस अवसर पर अल्प बचत अभिकर्ता संगठन के राष्ट्रीय सह सचिव अभय जैन एवं जिला अध्यक्ष प्रकाश मेहता विशेष रूप से उपस्थित रहे। शुभारंभ अवसर पर सभी अतिथियों का मोतियों की मालाओं से स्वागत एवं अभिनंदन किया गया। साथ ही प्रातः सत्र में आधार सुधार हेतु पहुंचे नागरिकों का भी अभिकर्ता संगठन की ओर से स्वागत किया गया।

कार्यक्रम में समाज के वरिष्ठ सदस्य सुनील लाठी, मनीष भंडारी, अधिवक्ता राजेश जैन, श्रीमती सुनीता गाबा, राजेश चोपड़ा, राजेश शर्मा सहित अनेक गणमान्यजन उपस्थित रहे। डाकघर रतलाम से गोविंद गोपाल सोनी, अभिषेक पुरोहित, हिमांशु जोशी, भावेश चोयल एवं ऋतिक मित्तल ने आधार अपडेशन कार्य में सेवाएं प्रदान कीं।

दोपहर तक लगभग 25 नागरिकों के आधार अपडेशन पूर्ण किए जा चुके थे। यह आधार सुधार शिविर तीन दिनों तक संचालित किया जाएगा, जिसमें पूर्व पंजीयन करवा चुके नागरिकों को निर्धारित तिथि एवं समय पर बुलाकर बिना किसी परेशानी के विधिवत अपडेशन किया जा रहा है।
 

पूर्व महापौर एवं समाज अध्यक्ष शैलेंद्र डागा ने बताया कि तीन दिनों की अवधि में अधिक से अधिक लोगों के आधार अपडेशन पूर्ण करने का प्रयास किया जाएगा। अधिक से अधिक संख्या में आकर अपना आधार कार्ड सही करवाए। माहेश्वरी समाज द्वारा उपलब्ध कराई गई व्यवस्थाओं एवं सुविधाओं के लिए अल्प बचत अभिकर्ता संगठन ने समाज के प्रति आभार व्यक्त किया।