रतलाम / पड़ोसी ही निकला नकबजनी का आरोपी, पुलिस ने 1.8 लाख का माल किया बरामद
रतलाम, 25 मार्च( इ खबर टुडे)। जिले के ताल थाना क्षेत्र अंतर्गत हुई नकबजनी की वारदात का पुलिस ने सफल खुलासा करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। हैरानी की बात यह रही कि चोरी की इस घटना को अंजाम देने वाला कोई बाहरी व्यक्ति नहीं, बल्कि पीड़ित का पड़ोसी ही निकला।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, ग्राम खारवाकला निवासी आनंद पांचाल ने 17 मार्च को रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 16-17 मार्च की दरमियानी रात अज्ञात चोर ने उसके घर का ताला तोड़कर नकदी और सोने-चांदी के आभूषण चोरी कर लिए। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक अमित कुमार के निर्देशन में विशेष टीम गठित की गई।
जांच के दौरान पुलिस ने आसपास के लोगों से पूछताछ, तकनीकी साक्ष्यों और सीसीटीवी फुटेज का सहारा लिया। संदेह के आधार पर पड़ोसी अंकित पांचाल (27) को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई, जिसमें उसने चोरी की घटना कारित करना स्वीकार कर लिया। आरोपी ने बताया कि वह पड़ोसी की छत के रास्ते घर में घुसा और कमरे का ताला तोड़कर नकदी व आभूषण चुरा ले गया।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी गया पूरा माल बरामद कर लिया है, जिसमें चांदी का कंदोरा, पायजेब, सोने की अंगूठी (करीब 1.5 लाख) और 30,000 नकद शामिल हैं। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
चोरी के आरोपी को गिरफ्तार करने में थाना प्रभारी स्वराज डाबी के नेतृत्व में उप निरीक्षक वी.डी. जोशी, एएसआई भारतसिंह सिंगाड़ सहित पुलिस टीम की सराहनीय भूमिका रही।