{"vars":{"id": "115716:4925"}}

कालिका माता मंदिर परिसर में 11 से 20 अक्टूबर तक धूमधाम से मनाया जाएगा नवरात्रि महोत्सव

गरबा खेलने वाली बालिकाओं का होगा पंजीयन
 

 

​रतलाम, 29 सितंबर (इ खबर टुडे)। श्री कालिका माता सेवा मंडल ट्रस्ट, रतलाम द्वारा इस वर्ष भी प्रतिवर्षानुसार नवरात्रि महोत्सव 2026 का भव्य आयोजन दिनांक 11 अक्टूबर (शनिवार) से 20 अक्टूबर तक बड़े धूमधाम एवं श्रद्धाभाव के साथ आयोजित किया जाएगा। 

​श्री कालिका माता सेवा मंडल ट्रस्ट के सचिव हरीश कुमार बिंदल द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार आयोजन 11 अक्टूबर (शनिवार) को घटस्थापना के दिन प्रातः 04 बजे ब्रह्म मुहूर्त में पूजा-अर्चना के बाद दर्शन प्रारंभ होंगे, जो निरंतर खुले रहेंगे। ​प्रातःकालीन गरबा प्रथम दिन से नवमी तक प्रतिदिन प्रातः 04 से 06 बजे तक मंदिर के सामने गरबा प्रांगण में केवल महिलाओं एवं बालिकाओं द्वारा सिर पर कलश व दीपक रखकर पारंपरिक गर्बा रास किया जाएगा।  

​प्रतिदिन शाम 07 से 09 बजे तक छोटी बालिकाओं द्वारा गरबा रास किया जाएगा। इसके बाद रात्रि 09 बजे आरती होगी और पुनः महिलाओं का गरबा रास प्रारंभ होगा जो रात्रि 11 बजे तक चलेगा। 19 अक्टूबर (अष्टमी) को प्रातः 04 से 06 बजे तक रंग-गुलाल से गरबा खेला जाएगा। दोपहर 12:00 बजे से कन्या भोज आयोजित होगा और रात्रि में आरती के पश्चात महोत्सव का समापन होगा। 20 अक्टूबर को महा अष्टमी का हवन, पूर्णाहुति एवं आरती संपन्न होगी।  

​दशहरा व श्रीराम रथ यात्रा विजयादशमी के अवसर पर शाम 05 बजे नगर पालिका निगम से भव्य श्रीराम रथ यात्रा प्रारंभ होगी, जो नगर के प्रमुख मार्गों से होती हुई स्टेडियम पहुंचेगी जहां रावण दहन किया जाएगा। इस दौरान कालिका माता रानी की झांकी भी नगर भ्रमण पर निकलेगी।  

​गरबा पंजीयन की जानकारी
​गरबा रास में भाग लेने वाली महिलाओं एवं बहनों का पंजीयन 01 अक्टूबर से 10 अक्टूबर तक प्रतिदिन शाम 07 से 09 बजे तक झूलेलाल मंदिर हॉल में किया जाएगा। जिसमें 5 वर्ष से अधिक उम्र की बालिकाएं एवं महिलाएं शामिल होगी। आधार कार्ड एवं 1 पासपोर्ट साइज फोटो लाना अनिवार्य है।

इस दौरान कालिका माता ट्रस्ट के अध्यक्ष राजाराम मोतियानी, उपाध्यक्ष मोहनलाल भट्ट कोषाध्यक्ष पूरणमल अग्रवाल, सस्दय मनीष उपाध्याय, अजय चौहान,चिराग देवड़ा सहित समिति के सदस्य उपस्थित रहे।