{"vars":{"id": "115716:4925"}}

गणतंत्र दिवस पर मुख्य समारोह पोलो ग्राउंड पर आयोजित होगा

कैबिनेट मंत्री चैतन्य काश्यप ध्वजारोहण कर परेड की सलामी लेंगे
 
 

रतलाम, 24 जनवरी(इ खबर टुडे)। गणतंत्र दिवस 26 जनवरी के अवसर पर रतलाम में मुख्य समारोह पोलो ग्राउंड पर आयोजित होगा। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि कैबिनेट मंत्री एवं सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम मंत्री मध्यप्रदेश शासन चैतन्य काश्यप ध्वजारोहण कर परेड की सलामी लेंगे।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि का आगमन प्रातः 8.58 बजे होगा। प्रातः 9.00 बजे मुख्य अतिथि द्वारा ध्वजारोहण कर परेड की  सलामी ली जाएगी, राष्ट्रगान होगा, 9.05 बजे मुख्य अतिथि द्वारा परेड का निरीक्षण किया जाएगा, 9.10 बजे प्रदेश के मुख्यमंत्री  डॉ. मोहन यादव के संदेश का वाचन मुख्य अतिथि द्वारा किया जाएगा। मुख्य समारोह में मार्च पास्ट, सांस्कृतिक कार्यक्रम तथा शासकीय विभागों द्वारा झांकियों का प्रदर्शन किया जाएगा। तत्पश्चात मुख्य अतिथि श्री काश्यप द्वारा जिले के उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारियों, कर्मचारियों, सांस्कृतिक प्रस्तुतियों, झांकी एवं परेड दल को मंच से पुरस्कृत/सम्मानित किया जाएगा।

 

गणतंत्र दिवस समारोह की अंतिम रिहर्सल की गई
गणतंत्र दिवस के मुख्य समारोह के भव्य आयोजन के लिए की गई तैयारियों एवं परेड की अंतिम रिहर्सल आज 24 जनवरी को स्थानीय पोलो ग्राउंड पर की गई। रिहर्सल  में मुख्य अतिथि एएसआई मदनलाल सांखला ने ध्वजारोहण कर परेड की सलामी ली। इस दौरान कलेक्टर श्रीमती मिशा सिंह, पुलिस अधीक्षक अमित कुमार, अपर कलेक्टर डॉ. शालिनी श्रीवास्तव, एसडीएम रतलाम ग्रामीण विवेक सोनकर एवं कमिश्नर नगर निगम अनिल भाना सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित थे।

इस दौरान पुलिस बल, स्काउट, एस ए एफ, एनसीसी, शौर्य दल द्वारा अंतिम रूप से मुख्य समारोह के लिए परेड की रिहर्सल की गई। स्कूली बच्चों द्वारा सांस्कृतिक कार्यक्रमों के लिए पूर्व अभ्यास किया गया।

गणतंत्र दिवस पर शासकीय भवनों एवं महत्त्वपूर्ण ऐतिहासिक स्थलों पर रोशनी की जाएगी
राज्य शासन ने 26 जनवरी 2026 गणतंत्र दिवस के उपलक्ष्य में समस्त शासकीय भवनों एवं महत्त्वपूर्ण ऐतिहासिक स्थलों पर 25 एवं 26 जनवरी को रात्रि में प्रकाश की व्यवस्था करने के दिशा-निर्देश दिये है। इस संबंध में कलेक्टर श्रीमती मिशा सिंह ने समस्त विभागों के जिलाधिकारियों, निकायों, जनपदों के अधिकारियों को जिले के सभी शासकीय भवनों एवं ऐतिहासिक स्थलों पर प्रकाश की व्यवस्था करने के निर्देश दिए है।