{"vars":{"id": "115716:4925"}}

 जन विश्वास अभियान जनता के लिए सरकार का महत्वपूर्ण कार्य है : कलेक्टर श्री अजय कटेसरिया

 कलेक्टर ने सेल्समैन की सेवाएं समाप्त करने के दिए निर्देश
 
 मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान के तहत ग्राम रानीसिंह में आयोजित हुआ शिविर, कलेक्टर ने सुनीं ग्रामीणों की समस्याएं

 

रतलाम 14 अगस्त (इ खबर टुडे)। मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान के अंतर्गत शुक्रवार को ग्राम रानीसिंह में जन-विश्वास शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में कलेक्टर श्री अजय कटेसरिया, मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत सुश्री वैशाली जैन सहित जिला एवं विकासखंड स्तरीय अधिकारियों ने ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं तथा उनके निराकरण के लिए आवश्यक निर्देश दिए।

शिविर को संबोधित करते हुए कलेक्टर श्री कटेसरिया ने कहा कि जन-विश्वास अभियान प्रदेश सरकार की महत्वपूर्ण पहल है, जिसका उद्देश्य प्रशासन को जनता के द्वार तक पहुंचाकर उनकी समस्याओं का त्वरित समाधान करना है। उन्होंने कहा कि अभियान की मूल भावना को समझते हुए प्रत्येक अधिकारी संवेदनशीलता के साथ कार्य करें और प्राप्त आवेदनों का समयबद्ध निराकरण सुनिश्चित करें।

कलेक्टर ने शिविर के दौरान गांव में संचालित आंगनबाड़ी केंद्रों की व्यवस्था, पोषण आहार वितरण, आंगनबाड़ी खुलने का समय तथा ग्रामीणों को मिलने वाली सुविधाओं की जानकारी ली। उन्होंने विद्यालय की स्थिति, विद्यार्थियों की संख्या, उनकी उपस्थिति, दूर-दराज से आने वाले बच्चों तथा शिक्षण व्यवस्था के संबंध में भी ग्रामीणों से चर्चा की।

जनसंवाद एवं जनसुनवाई के दौरान ग्रामीणों ने गांव की विभिन्न समस्याओं से प्रशासन को अवगत कराया। ग्रामीणों ने गांव के मार्गों की समस्या, रावटी को विकासखंड बनाए जाने की मांग तथा मलवासी रेलवे अंडरपास में बारिश के दौरान पानी भरने की समस्या रखी। इस पर कलेक्टर ने संबंधित विभागों से समन्वय कर आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया।

ग्रामीणों ने राशन दुकान के अनियमित संचालन की शिकायत करते हुए बताया कि दुकान पूरे महीने में केवल दो-तीन दिन ही खुलती है। शिकायत को गंभीरता से लेते हुए कलेक्टर ने तत्काल संज्ञान लिया तथा संबंधित सेल्समैन की सेवाएं समाप्त करने के निर्देश दिए।

शिविर में पशु चिकित्सक की नियुक्ति, खाद की उपलब्धता, भूमि अतिक्रमण, स्व-सहायता समूह की महिलाओं के उत्पादों की बिक्री हेतु दुकान उपलब्ध कराने तथा राजस्व विभाग से मिलने वाले जाति, मूल निवासी एवं आय प्रमाण-पत्र समय पर उपलब्ध कराने संबंधी समस्याएं भी उठाई गईं। कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश देते हुए कहा कि नागरिक सेवाओं में किसी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।

शिविर के दौरान आयोजित उद्यमी संवाद में युवा उद्यमियों कपिल गुर्जर, सुरेंद्र सिंह राठौर एवं दिनेश गुर्जर ने अपने-अपने उद्यमों की जानकारी साझा की। उन्होंने कंस्ट्रक्शन कार्य, फूड प्रोसेसिंग, एसीसी ब्लॉक निर्माण तथा किराना व्यवसाय जैसे क्षेत्रों में किए जा रहे कार्यों से उपस्थित लोगों को अवगत कराया। वहीं स्व-सहायता समूह की महिलाओं ने भी अपनी गतिविधियों एवं आजीविका संबंधी कार्यों की जानकारी दी।

इस अवसर पर मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत सुश्री वैशाली जैन, सैलाना एसडीएम श्री सुनील जायसवाल, जिला एवं जनपद स्तरीय अधिकारी, जनपद अध्यक्ष, जिला एवं जनपद पंचायत सदस्य, जनप्रतिनिधि, ग्राम सरपंच तथा बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।