{"vars":{"id": "115716:4925"}}

धर्म नगरी धामनोद में श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाया गया गोपाष्टमी महापर्व

विश्व हिंदू परिषद के तत्वावधान में मातृशक्ति व कार्यकर्ताओं ने किया देसी गौमाता का पूजन-अर्चन, दिया गौसंरक्षण का संदेश

 

 

​रतलाम, 17 अक्टूबर (इ खबर टुडे)। धर्म नगरी धामनोद में मंगलवार को विश्व हिंदू परिषद (विहिप) के तत्वावधान में गोपाष्टमी महापर्व अत्यंत श्रद्धा, भक्ति और उत्साह के साथ मनाया गया। जिला रतलाम के नामली प्रखंड अंतर्गत खंड धामनोद में आयोजित इस धार्मिक अनुष्ठान में संगठन के कार्यकर्ताओं सहित बड़ी संख्या में स्थानीय श्रद्धालुओं ने सहभागिता की।

​कार्यक्रम के दौरान मातृशक्ति, दुर्गावाहिनी की बहनों और विहिप कार्यकर्ताओं ने देसी गौमाता का वैदिक विधि-विधान से पूजन-अर्चन किया। सर्वप्रथम गौमाता को पुष्पमालाओं से सजाकर तिलक लगाया गया, तत्पश्चात उन्हें हरी घास, गुड़ और रोटी खिलाकर गौसेवा की गई। पूजन के उपरांत उपस्थित सभी धर्मप्रेमी बंधुओं ने गौमाता की परिक्रमा कर सामूहिक आरती उतारी और गौवंश के प्रति अपनी कृतज्ञता व्यक्त की।

​इस पावन अवसर पर वक्ताओं ने भारतीय संस्कृति में गौमाता के धार्मिक, सांस्कृतिक और आध्यात्मिक महत्व पर प्रकाश डालते हुए समाज से गौसेवा व गौसंरक्षण का संकल्प लेने का आह्वान किया। आयोजन में विश्व हिंदू परिषद के समस्त पदाधिकारी, कार्यकर्ता, मातृशक्ति, दुर्गावाहिनी की सदस्य एवं बड़ी संख्या में हिंदू समाजजन उपस्थित रहे।