{"vars":{"id": "115716:4925"}}

 
जिला पंचायत सीईओ ने आलोट सिविल अस्पताल, जवाहर नवोदय विद्यालय, गौशाला एवं लाइब्रेरी का किया निरीक्षण

 

 

रतलाम 23 अक्टूबर (इ खबर टुडे) ।  मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान अंतर्गत सीईओ जिला पंचायत सुश्री वैशाली जैन ने संबंधित अधिकारियों के साथ सिविल अस्पताल आलोट, जवाहर नवोदय विद्यालय आलोट, ग्राम खामरिया स्थित गौशाला तथा ज्ञानार्जन लाइब्रेरी का निरीक्षण किया।

सिविल अस्पताल में मूलभूत सुविधाओं की जानकारी ली

सिविल अस्पताल आलोट के निरीक्षण के दौरान सीईओ जिला पंचायत ने पोस्टनेटल वार्ड, लेबर रूम, जनरल वार्ड, प्रसूति वार्ड एवं इमरजेंसी वार्ड का निरीक्षण किया। उन्होंने अस्पताल में उपलब्ध स्वास्थ्य सुविधाओं एवं व्यवस्थाओं की जानकारी ली। इस दौरान आमजन द्वारा 108 एम्बुलेंस सेवा से संबंधित समस्या भी बताई गई। उन्होंने अस्पताल में पेयजल के लिए स्थापित आरओ का भी निरीक्षण किया। सीईओ जिला पंचायत ने मरीजों को सभी मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।

जवाहर नवोदय विद्यालय में विद्यार्थियों से किया संवाद

जवाहर नवोदय विद्यालय के निरीक्षण के दौरान सीईओ जिला पंचायत ने विद्यार्थियों से संवाद किया। उन्होंने बोर्ड परीक्षा को लेकर विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि परीक्षा से डरने की आवश्यकता नहीं है। अच्छी मेहनत से बेहतर परिणाम प्राप्त किए जा सकते हैं। जितनी मेहनत करेंगे, उतना ही बेहतर परिणाम मिलेगा।

उन्होंने विद्यार्थियों से अनुशासित रहने, मेहनत करने तथा अपनी क्षमता के अनुसार बेहतर प्रदर्शन करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि जिस विषय से डर लगता है, उसमें और अधिक मेहनत करें तथा अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने का प्रयास करें।

गौशाला में वर्मी कम्पोस्ट एवं जैविक खाद के कार्य देखे

इसके पश्चात सीईओ जिला पंचायत ने ग्राम खामरिया स्थित रानीवाली माता गौशाला का निरीक्षण किया। गौशाला में लगभग 260 गौवंश निवासरत हैं। उन्होंने गौशाला में संचालित वर्मी कम्पोस्ट एवं जैविक खाद निर्माण के कार्यों का अवलोकन किया तथा संबंधित व्यवस्थाओं की जानकारी ली।

ज्ञानार्जन लाइब्रेरी का भी किया निरीक्षण

सीईओ जिला पंचायत ने आलोट में ज्ञानार्जन लाइब्रेरी का भी निरीक्षण किया। उन्होंने लाइब्रेरी में उपलब्ध अध्ययन सुविधाओं एवं व्यवस्थाओं की जानकारी ली।