13 वर्षीय बालक का फ्लैट के पलंग में मिला शव, पुलिस ने दो लोगों को किया गिरफ्तार
इंदौर,31 जनवरी (इ खबर टुडे ) । शहर के श्रीनगर कांकड़ इलाके में उस समय हड़कंप मच गया, जब कल रात से लापता 13 वर्षीय मासूम अली का शव श्री देवी अपार्टमेंट के एक फ्लैट में बरामद हुआ। अली की तलाश में जुटी एमआईजी पुलिस और स्नीफर डॉग्स की टीम को बड़ी कामयाबी तब मिली, जब मासूम का शव फ्लैट नंबर 42 के एक पलंग के अंदर छिपा हुआ पाया गया।
पुलिस को घटनास्थल से अली का खून से सना हुआ जैकेट और बैग भी मिला है, जो हत्या की ओर साफ इशारा कर रहे हैं। अली का कल रात का एक सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है, जिसमें वह बेफिक्र होकर साइक्लिंग करता दिख रहा था, लेकिन उसके कुछ ही घंटों बाद वह लापता हो गया।
इस नृशंस वारदात ने पूरे क्षेत्र में दहशत फैला दी है। पुलिस ने इस मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी रेहान और उसके एक नाबालिग साथी को हिरासत में ले लिया है। प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया है कि आरोपियों ने अली की हत्या ईंट से वार करके की थी।