{"vars":{"id": "115716:4925"}}

रतलाम / मकान बेचने के नाम पर 13 लाख की चपत: महिला ने एसपी से लगाई गुहार, एफआईआर दर्ज करने की मांग

 

 

 

रतलाम, 06 अक्टूबर (इ खबर टुडे)। शहर में प्रॉपर्टी डील के नाम पर लाखों रुपये हड़पने और धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। श्रीनगर कॉलोनी में स्थित एक मकान का सौदा कर एडवांस के रूप में 13 लाख रुपये लेने के बाद आरोपी महिला न तो रजिस्ट्री करा रही है और न ही पैसे वापस लौटा रही है। परेशान पीड़िता ने मंगलवार को पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचकर आरोपी महिला के खिलाफ अमानत में खयानत और धोखाधड़ी का आपराधिक प्रकरण दर्ज करने की मांग की है।
​
जानकारी के अनुसार हनुमान रूण्डी, रतलाम निवासी पीड़िता ममता सोनी पति मनीष सोनी ने जनसुनवाई के दौरान आवेदन सौंपकर बताया कि उन्होंने ऋषभदेव कॉलोनी निवासी पूजा दुबे पति कन्हैयालाल दुबे से श्रीनगर कॉलोनी स्थित एक डेढ़ मंजिला मकान (प्लॉट क्र. 07, क्षेत्रफल 693.75 वर्गफीट) खरीदने का सौदा किया था। यह सौदा 23 मई 2026 को 5,000 के ई-स्टाम्प अनुबंध पत्र पर कुल 36,51,000 (छत्तीस लाख इक्यावन हजार रुपये) में तय हुआ था।  

​टुकड़ों में दिए 13 लाख रुपये
अनुबंध के तहत पीड़िता ने आरोपी महिला को 7 लाख नकद और 5 लाख आरटीजीएस (RTGS) के माध्यम से बैंक खाते में ट्रांसफर किए थे। इसके बाद 25 जुलाई 2026 को 1 लाख और दिए गए, जिसकी प्राप्ति की एंट्री अनुबंध पत्र पर दर्ज है। इस तरह अमानत (एडवांस) के तौर पर कुल 13,00,000 दिए जा चुके थे।  

​रजिस्ट्री से मुकरी महिला, टालमटोल का आरोप
शर्तों के अनुसार शेष राशि 23,51,000 देकर रजिस्ट्री 20 सितंबर 2026 तक करानी थी। 19 और 20 सितंबर को अवकाश होने के कारण रजिस्ट्री प्रक्रिया के लिए सर्विस प्रोवाइडर के माध्यम से 'सम्पदा 2.0' पोर्टल पर ड्राफ्ट भी अपलोड कराया गया। आरोप है कि ई-साइन और डीड स्वीकार करने के समय आरोपी महिला उपस्थित नहीं हुई और टालमटोल करने लगी।  

​कानूनी नोटिस के बाद भी न रजिस्ट्री की, न पैसे लौटाए
जब पीड़िता ने अधिवक्ता के जरिए 25 सितंबर 2026 को नोटिस भेजा, तब भी आरोपी महिला ने न तो रजिस्ट्री कराई और न ही एडवांस में लिए गए 13 लाख रुपये वापस लौटाए।  

​पीड़िता ममता सोनी ने एसपी कार्यालय में आवेदन देकर मांग की है कि अमानत राशि हड़पने और धोखाधड़ी करने वाली महिला के खिलाफ सख्त आपराधिक प्रकरण दर्ज कर कार्रवाई की जाए। एसपी कार्यालय से मामले की जांच और आवश्यक वैधानिक कार्रवाई हेतु निर्देश जारी किए गए हैं।

दूसरा पक्ष बोला- हम रजिस्ट्री कराने को तैयार, आरोप गलत
मामले में दूसरे पक्ष पूजा दुबे के पति कन्हैया दुबे का कहना है कि वे रजिस्ट्री कराने के लिए तैयार हैं और ममता सोनी द्वारा लगाए गए आरोप गलत हैं। उन्होंने बताया कि क्रेता पक्ष (ममता सोनी) ने गाइडलाइन के अनुसार चेक देने की बात कही और बाकी के रुपये एक महीने बाद देने को कहा, जो कि अनुबंध की शर्तों के अनुरूप नहीं है। कन्हैया दुबे के अनुसार, वे स्वयं रजिस्ट्री कराने गए थे और ड्राफ्ट बनने के बाद मोबाइल पर ओटीपी भी प्राप्त हुआ था।