{"vars":{"id": "115716:4925"}}

सैलाना पुलिस की बड़ी कार्रवाई: फिल्मी अंदाज में पीछा कर पकड़ी अवैध शराब से भरी स्विफ्ट कार

17 पेटी शराब और कार सहित 3.18 लाख का मशरूका जप्त, आरोपी फरार
 

 

​रतलाम,22अप्रैल(इ खबर टुडे)। जिले में अवैध शराब माफियाओं के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में सैलाना पुलिस को बुधवार को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने घेराबंदी कर एक स्विफ्ट कार से 17 पेटी अवैध शराब जब्त की है। हालांकि, अंधेरे और खेतों का फायदा उठाकर आरोपी मौके से भागने में सफल रहे।

पुलिस से मिली ​जानकारी के अनुसार, पुलिस अधीक्षक अमित कुमार के निर्देशन में अवैध शराब के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत धामनोद चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक आनंद बागवान को मुखबिर से सूचना मिली थी कि एक ग्रे रंग की स्विफ्ट कार में अवैध शराब ले जाई जा रही है। सूचना मिलते ही एसडीओपी श्रीमती नीलम बघेल एवं थाना प्रभारी श्रीमती पिंकी आकाश के नेतृत्व में टीम गठित कर रतलाम-बांसवाड़ा रोड पर चेकिंग शुरू की गई।

​फिल्मी स्टाइल में पीछा, खेत में कार छोड़ भागे तस्कर
​बोदिना फंटा के पास जब संदिग्ध स्विफ्ट कार (क्रमांक RJ-12-CA-9823) को रुकने का इशारा किया गया, तो चालक ने रफ्तार बढ़ा दी और भागने लगा। पुलिस टीम ने तत्काल वाहन का पीछा किया। खुद को घिरता देख आरोपी भैसाडाबर-हतनारा रोड के सुनसान इलाके में कार छोड़कर खेतों की ओर भाग निकले।

​जब्ती हुई सामग्री
​पुलिस ने जब पंचों की मौजूदगी में वाहन की तलाशी ली, तो उसमें भारी मात्रा में अवैध शराब ​किंगफिशर बीयर 14 पेटी (330 केन), ​एमडी व्हिस्की 03 पेटी (142 क्वार्टर) ​कुल शराब 190.56 बल्क लीटर (कीमत लगभग ₹1,18,000/-) और एक ​वाहन स्विफ्ट कार (कीमत लगभग ₹2,00,000/-) ​कुल जब्त मशरुका: ₹3,18,000/- बरामद हुई है।

सैलाना थाना पुलिस के अनुसार​पुलिस ने अपराध क्रमांक 136/2026 के तहत आबकारी अधिनियम की धारा 34(2) में मामला दर्ज किया है। फरार आरोपियों की तलाश की जा रही है।

​सराहनीय भूमिका
​शराब की तस्करी करने के आरोपियों को गिरफ्तार करने में उपनिरीक्षक आनंद बागवान, प्रधान आरक्षक दिलीप देसाई, आरक्षक रणजीत सोलंकी एवं फकीरचंद सोलंकी की मुख्य भूमिका रही। एसपी रतलाम ने टीम के इस कार्य की सराहना की है।