रतलाम: शादी से लौट रही 12 वीं की छात्रा की संदिग्ध मौत, पिता ने लगाया सामूहिक दुष्कर्म और हत्या का आरोप
रतलाम,19 मार्च(इ खबर टुडे)। जिले के सरवन थाना क्षेत्र के ग्राम सेमलखेड़ा में एक 17 वर्षीय नाबालिग छात्रा का शव उसके घर से महज 200 फीट की दूरी पर मिलने से सनसनी फैल गई है। मृतका के गले में दुपट्टे का फंदा लगा हुआ था। परिजनों ने गांव के ही चार युवकों पर अपहरण, दुष्कर्म और हत्या का गंभीर आरोप लगाया है।
यह है घटनाक्रम: डीजे के शोर में दब गई चीख
परिजनों के अनुसार, मृतका अपनी छोटी बहन के साथ बुधवार रात गांव में ही एक पारिवारिक शादी समारोह में शामिल होने गई थी। पिता मजदूरी पर गए हुए थे और सुबह 4 बजे जब लौटे, तो उन्हें पता चला कि बड़ी बेटी घर नहीं पहुंची है। घटना की चश्मदीद गवाह मृतिका की छोटी बहन ने पिता को बताया कि रात करीब 3 बजे चार युवक उसकी दीदी को जबरन अपने साथ ले गए थे। छोटी बहन ने मदद के लिए शोर भी मचाया था, लेकिन शादी में बज रहे डीजे (DJ) के तेज शोर के कारण किसी ने उसकी आवाज नहीं सुनी।
परिजनों ने खुद तलाशे आरोपी
हैरान कर देने वाली बात यह है कि पुलिस के पहुंचने से पहले पिता ने खुद उन चारों युवकों को ढूंढ निकाला जिनके नाम छोटी बेटी ने बताए थे। पिता उन्हें पकड़कर घर भी लाए, लेकिन पूछताछ के दौरान मौका पाकर तीन युवक फरार हो गए। एक आरोपी को ग्रामीणों ने पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया है।घटना की सूचना मिलते ही पुलिस बल मौके पर पहुंचा और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा।
इनका कहना है
12 वीं की छात्रा का शव संदिग्ध परिस्थितियों में मिला है। हम साक्ष्यों के आधार पर हर पहलू से जांच कर रहे हैं। मौत के सही कारणों का खुलासा पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो पाएगा। पुलिस फिलहाल फरार आरोपियों की तलाश में जुटी है और गांव में तनाव को देखते हुए स्थिति पर नजर रखी जा रही है।
— विवेक कुमार लाल, एएसपी, रतलाम