{"vars":{"id": "115716:4925"}}

 रतलाम में आंगनवाड़ी केन्द्रों का औचक निरीक्षण, लापरवाही पर हुई सख्त कार्रवाई

 
 

रतलाम, 01 अप्रैल (इ खबर टुडे)। जिले में संचालित आंगनवाड़ी केन्द्रों की व्यवस्थाओं को लेकर प्रशासन सख्त नजर आ रहा है। कलेक्टर श्रीमती मिशा सिंह के निर्देश पर वरिष्ठ अधिकारियों द्वारा विभिन्न आंगनवाड़ी केन्द्रों का औचक निरीक्षण किया गया, जिसमें कई स्थानों पर अनियमितताएं सामने आईं।

जिला कार्यक्रम अधिकारी महिला एवं बाल विकास विभाग रामनिवास बुधोलिया ने बताया कि निरीक्षण के दौरान कुछ केन्द्रों पर स्व सहायता समूहों द्वारा निर्धारित मेनू के अनुसार ताजा पका हुआ भोजन बच्चों को नहीं दिया जा रहा था। इसे गंभीर लापरवाही मानते हुए 3 परियोजना अधिकारियों को कारण बताओ नोटिस जारी किए गए हैं।

कार्रवाई के तहत रतलाम शहर-1 की परियोजना अधिकारी श्रीमती चेतना गेहलोत, जावरा ग्रामीण की परियोजना अधिकारी श्रीमती अंकिता पाटीदार और रतलाम ग्रामीण-2 की प्रभारी परियोजना अधिकारी सुश्री फिरदौस खान को नोटिस जारी किया गया है।

इसके अलावा, 4 स्व सहायता समूह—अंबिका, वात्सल्य, वैभव लक्ष्मी और अन्नदाता—पर भी कार्रवाई की गई है। इन समूहों द्वारा भोजन व्यवस्था में लापरवाही पाए जाने पर एक दिन के पोषण आहार की राशि का भुगतान निरस्त करते हुए कटौती की गई।

जिन आंगनवाड़ी केन्द्रों पर अनियमितताएं पाई गईं, उनमें इंद्रलोक नगर (रतलाम शहर-1), आक्यापाड़ा (रतलाम शहर-2), ब्रह्मांड गली जावरा शहर और कलालिया-1 (जावरा ग्रामीण) शामिल हैं।

प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि बच्चों के पोषण और स्वास्थ्य से जुड़ी योजनाओं में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और आगे भी नियमित निरीक्षण जारी रहेंगे।