{"vars":{"id": "115716:4925"}}

रतलाम / पुलिस अधीक्षक का रात्रि गश्त निरीक्षण, लापरवाही पर जुर्माना, मुस्तैद अधिकारियों को प्रोत्साहन

 
 

रतलाम, 30 मार्च(इ खबर टुडे)। जिले में कानून व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने और रात्रि गश्त को प्रभावी बनाने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक अमित कुमार ने गत रात्रि शहर की रात्रि गश्त का औचक निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान शहर के चारों थाना क्षेत्रों में तैनात गश्ती अधिकारियों और कर्मचारियों की उपस्थिति और कार्यप्रणाली की जांच की गई और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। पुलिस अधीक्षक ने अधिकारियों को मुस्तैदी से गश्त करने, संदिग्ध व्यक्तियों की नियमित जांच करने, असामाजिक तत्वों पर सतत निगरानी रखने और अपने-अपने क्षेत्र में लगातार भ्रमण करते रहने के निर्देश दिए।

निरीक्षण में लापरवाही पाए जाने पर थाना स्टेशन रोड के गश्त अधिकारी को 2000 का अर्थदंड लगाया गया और थाना प्रभारी से स्पष्टीकरण मांगा गया। वहीं, रेडियो शाखा प्रभारी निरीक्षक प्रकाश पाराशर ने गार्ड चेकिंग के दौरान मुस्तैदी से कार्य करने पर अपनी सेवापुस्तिका में प्रशंसा अंकित की।

पुलिस अधीक्षक अमित कुमार ने स्पष्ट किया कि रात्रि गश्त में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारियों को प्रोत्साहित किया जाएगा। रतलाम पुलिस शहर में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत बनाए रखने के लिए इस प्रकार की औचक जांच भविष्य में भी जारी रखेगी।