रतलाम / पुलिस अधीक्षक का आकस्मिक निरीक्षण, राजस्थान बॉर्डर पर बढ़ाई सतर्कता
रतलाम, 28 मार्च(इ खबर टुडे)। जिले में कानून व्यवस्था को मजबूत बनाए रखने और अंतरराज्यीय अपराधों पर नियंत्रण के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक अमित कुमार ने शुक्रवार को थाना कालूखेड़ा, थाना पिपलौदा एवं चौकी सुखेड़ा का आकस्मिक निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान पुलिस अधीक्षक ने थाना प्रभारी कालूखेड़ा शंकर सिंह चौहान और थाना प्रभारी पिपलौदा रमेश कोली के साथ राजस्थान सीमा से लगे क्षेत्रों का भ्रमण किया। इस दौरान उन्होंने अंतरराज्यीय मादक पदार्थ तस्करों के संभावित मार्गों का जायजा लिया और अधिकारियों को विशेष सतर्कता बरतने तथा लगातार निगरानी रखने के निर्देश दिए।
पुलिस अधीक्षक ने थाना स्तर पर कानून व्यवस्था की स्थिति की समीक्षा की, लंबित प्रकरणों की जानकारी ली और विभिन्न रजिस्टरों का अवलोकन किया। साथ ही थाना स्टाफ की समस्याएं सुनकर उनके त्वरित समाधान के निर्देश भी दिए।
निरीक्षण के दौरान स्पष्ट निर्देश दिए गए कि अवैध गतिविधियों पर कड़ी नजर रखी जाए तथा अवैध मादक पदार्थ, शराब और हथियारों के खिलाफ सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। इसके अलावा अंतरराज्यीय सीमा क्षेत्रों में नियमित चेकिंग अभियान चलाकर संदिग्ध गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण बनाए रखने पर जोर दिया गया। पुलिस अधीक्षक के इस निरीक्षण को सीमा क्षेत्र में अपराध नियंत्रण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।