{"vars":{"id": "115716:4925"}}

माणकचौक पुलिस और साइबर सेल की सफलता: 25,500 की ऑनलाइन ठगी का शिकार हुए पीड़ित को मिली राहत, इंदौर से आरोपी गिरफ्तार

 

 

 

​रतलाम, 13सितंबर(इ खबर टुडे)। ऑनलाइन ठगी के मामलों में त्वरित कार्रवाई करते हुए रतलाम पुलिस की माणकचौक थाना टीम और साइबर सेल ने एक बड़ी सफलता हासिल की है। ऑनलाइन गेमिंग के नाम पर हुई 25,500 की साइबर ठगी के मामले में पुलिस ने न सिर्फ फरियादी की पूरी राशि फ्रिज कराई, बल्कि तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपी को इंदौर से गिरफ्तार भी कर लिया है।

पुलिस अधीक्षक अमित कुमार के निर्देशन में गठित संयुक्त टीम ने शिकायत मिलते ही बिना किसी देरी के NCRP (National Cyber Crime Reporting Portal) पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराकर त्वरित वित्तीय कार्रवाई की। पुलिस की इस मुस्तैदी के चलते ठगी की पूरी रकम 25,500 समय रहते फ्रिज कर ली गई। फरियादी अभिषेक (पिता आनंद जैन) ने ऑनलाइन गेमिंग के माध्यम से अपने साथ हुई इस धोखाधड़ी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी।

​इंदौर से दबोचा गया आरोपी
मामले की जांच के दौरान साइबर सेल और माणकचौक पुलिस ने डिजिटल एवं तकनीकी साक्ष्यों का गहन विश्लेषण किया। इसके आधार पर पुलिस आरोपी विशाल (पिता सीताराम डावर, उम्र 27 वर्ष), निवासी शिवधाम कॉलोनी, निम्बोदी (इंदौर) तक पहुँचने में सफल रही और उसे गिरफ्तार कर लिया।

​साइबर नेटवर्क खंगालने में जुटी पुलिस
पकड़े गए आरोपी से ठगी में इस्तेमाल किए गए बैंक खातों, तकनीकी संसाधनों और अन्य साथियों के संबंध में गहन पूछताछ की जा रही है। पुलिस का कहना है कि इस नेटवर्क से जुड़े अन्य आरोपियों का सुराग मिलते ही उन पर भी सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

​कार्रवाई में शामिल पुलिस टीम
इस त्वरित सफलता में थाना प्रभारी माणकचौक निरीक्षक विक्रम सिंह चौहान, थाना प्रभारी डीडी नगर उप निरीक्षक अनुराग यादव, साइबर सेल प्रभारी उप निरीक्षक जीवन बारिया, प्रधान आरक्षक हिम्मत सिंह तथा आरक्षक विपुल भावसार, राहुल पाटीदार, तुषार सिसोदिया, मोर सिंह एवं पवन जाट की सराहनीय भूमिका रही।

​रतलाम पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि साइबर ठगी का शिकार होने पर तुरंत NCRP पोर्टल या नजदीकी थाने में शिकायत दर्ज कराएं, ताकि समय रहते वित्तीय नुकसान को रोका जा सके।