विधि कॉलेज गरबा विवाद: अनधिकृत प्रवेश, बदसलूकी और झूठे आरोपों को लेकर विद्यार्थियों ने कलेक्टर को सौंपा ज्ञापन
रतलाम, 22 सितंबर(इ खबर टुडे)। डॉ. कैलाशनाथ काटजू विधि महाविद्यालय, रतलाम के छात्र-छात्राओं ने परिसर में आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रम के दौरान बाहरी व्यक्तियों के अनधिकृत प्रवेश, अभद्रता, और महाविद्यालय की छवि धूमिल करने के आरोपों के विरोध में जिला कलेक्टर और पुलिस अधीक्षक को एक ज्ञापन सौंपा है।
ज्ञापन के अनुसार, 21 सितंबर 2026 को महाविद्यालय परिसर स्थित सभागृह में गणेशोत्सव के अंतर्गत छात्र-छात्राओं के लिए गरबा एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किया गया था। आरोप है कि कार्यक्रम के दौरान सुनील राठौड़, गन्नी शक्तावत, ऋषभ सुराणा तथा कुछ अन्य अज्ञात व्यक्तियों ने परिसर में अनधिकृत रूप से प्रवेश कर व्यवस्था में हस्तक्षेप किया और कार्यक्रम को जबरन बंद कराने का प्रयास किया।
अभद्रता और मानसिक दबाव का आरोप
विद्यार्थियों ने ज्ञापन में उल्लेख किया है कि बाहरी तत्वों द्वारा उपस्थित छात्र-छात्राओं तथा महाविद्यालय की प्राचार्या महोदया के साथ अभद्र व आपत्तिजनक भाषा का प्रयोग किया गया। इससे परिसर में भय, असुरक्षा और तनाव का माहौल बन गया। इसके अलावा, भविष्य में बिना अनुमति कार्यक्रम आयोजित न करने की धमकी देने का भी आरोप लगाया गया है।
'कपल गरबा' और 'अवैध वसूली' के आरोपों का खंडन
छात्रों ने सोशल मीडिया व मीडिया में प्रसारित उन खबरों और आरोपों को पूरी तरह भ्रामक एवं असत्य बताया है, जिनमें "कपल गरबा" आयोजित करने तथा प्रवेश हेतु पैसे लेने की बात कही गई थी। विद्यार्थियों का कहना है कि इन झूठी खबरों के कारण छात्राओं के अभिभावकों में डर का माहौल है और वे अपनी बालिकाओं को सांस्कृतिक गतिविधियों में भेजने से कतरा रहे हैं।
निष्पक्ष जांच और कानूनी कार्रवाई की मांग
विद्यार्थियों ने प्रशासन से 21 सितंबर के पूरे घटनाक्रम, बाहरी व्यक्तियों के प्रवेश और बदसलूकी की निष्पक्ष एवं स्वतंत्र जांच कराई जाए। घटना के तथ्यों के आधार पर भारतीय न्याय संहिता, 2023 (BNS) की धारा 329 (अनधिकृत प्रवेश), 351 (आपराधिक धमकी), 352 (शांति भंग करने का प्रयास) और 356 (मानहानि) के तहत जांच कर कानूनी कार्रवाई की जाए। भविष्य में बाहरी तत्वों के हस्तक्षेप को रोकने और महाविद्यालय में सुरक्षित व भयमुक्त शैक्षणिक वातावरण सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएं।
ज्ञापन सौंपते समय कॉलेज के समस्त छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे और उन्होंने प्रशासन से जल्द से जल्द उचित कार्रवाई करने की अपील की है।