{"vars":{"id": "115716:4925"}}

रतलाम में गुंडागर्दी: छात्र के घर में घुसकर मारपीट, शराब पार्टी के लिए मांगे रुपये, स्कूटी और मकान में की तोड़फोड़

 

 

रतलाम, 17 जुलाई (इ खबरटुडे)। शहर के अभयनगर इलाके में पुरानी रंजिश को लेकर एक छात्र के घर में घुसकर जानलेवा हमला करने और रंगदारी मांगने का मामला आया है। आरोपियों ने न सिर्फ छात्र और उसके परिवार के साथ मारपीट की, बल्कि घर के बाहर खड़ी स्कूटी और मकान पर पथराव कर भारी तोड़फोड़ भी की। पुलिस ने इस मामले में नामजद आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

​पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, औद्योगिक क्षैत्र थाना में अभयनगर निवासी पीड़ित छात्र ने शिकायत करते हुए बताया कि शिवनगर निवासी अर्जुन बना नाम के युवक से उसका पूर्व में कोई विवाद हुआ था, जिसे लेकर अर्जुन उससे रंजिश रखता था। रात्रि करीब आठ बजे जब पीड़ित अपनी मां कान्ती और बहन के साथ घर में मौजूद था, तभी अर्जुन बना अपने साथी रोहित राठौड़, भवानी चौहान और अन्य अज्ञात व्यक्तियों के साथ जबरन घर के अंदर घुस आया।

​शराब के लिए मांगे पैसे, मना करने पर पीटा
​आरोपियों ने घर में घुसते ही गाली-गलौज शुरू कर दी। जब पीड़ित अपने कमरे से बाहर आया, तो आरोपियों ने उसे घेर लिया और लात-घूसों से मारपीट शुरू कर दी। बदमाशों ने पीड़ित से कहा, "तेरे पास बहुत पैसे हैं, हमें शराब पार्टी करने के लिए 5000 रुपये दे।" जब पीड़ित ने पैसे देने से इनकार किया, तो आरोपियों ने घर का सामान उठा-पटक कर नुकसान पहुंचाना शुरू कर दिया। बीच-बचाव करने आई पीड़ित की मां और बहन के साथ भी अभद्रता की गई।

​वाहन और मकान में तोड़फोड़, जान से मारने की धमकी
​घर के अंदर उत्पाद मचाने के बाद बदमाश बाहर निकले और दरवाजे पर पत्थरों से हमला कर दिया। इतना ही नहीं, आरोपियों ने घर के बाहर खड़ी स्कूटी (क्रमांक MP-43-EG-4048) में भी जमकर तोड़फोड़ की और वाहन को बुरी तरह क्षतिग्रस्त कर दिया। जाते-जाते बदमाशों ने धमकी दी कि यदि अगली बार रुपये नहीं दिए, तो वे जान से खत्म कर देंगे। इस हमले में पीड़ित के चेहरे और गर्दन पर चोटें आई हैं। घटना के दौरान पड़ोस में रहने वाली रेखा सिसोदिया के घर पर भी बदमाशों ने पथराव किया।

​घटना के बाद पीड़ित ने अपने माता-पिता और पड़ोसियों के साथ थाने पहुंचकर मामले की रिपोर्ट दर्ज कराई। पुलिस ने शिकायत के आधार पर आरोपी अर्जुन बना, रोहित राठौड़, भवानी चौहान और उनके साथी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस आरोपियों की तलाश कर रही है।