जनसुनवाई में हड़कंप: चद्दर पर लिटाकर लाई गई बीमार वृद्धा को देखकर भड़के SP, कहा- ‘आप बोल देते तो मैं खुद नीचे आ जाता’ (देखिये वीडियो)
रतलाम, 08 सितंबर (इ खबर टुडे)। पुलिस अधीक्षक कार्यालय की जनसुनवाई में उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब परिजन एक गंभीर रूप से बीमार वृद्धा को चद्दर में लिटाकर उठाकर जनसुनवाई कक्ष में ले आए। वृद्धा की शारीरिक स्थिति ऐसी थी कि वह न उठ पा रही थीं और न ही बैठ सकती थीं। इस दृश्य को देखकर SP अमित कुमार ने गहरा असंतोष और नाराजगी जताई।
एसपी अमित कुमार ने परिजनों को कड़ी फटकार लगाते हुए कहा कि "आवेदन लेकर आप खुद भी आ सकते थे, इस स्थिति में बुजुर्ग महिला को चद्दर में उठाकर लाना बिल्कुल उचित नहीं है।" SP ने संवेदनशीलता दिखाते हुए कहा, "यदि आप मुझे सूचित कर देते तो मैं खुद नीचे आकर आपकी शिकायत सुन लेता। इन्हें इस तरह तकलीफ देने के बजाय तुरंत अस्पताल ले जाएं।" इस पर परिजनों ने अपनी मजबूरी बताते हुए कहा कि दादी मां स्वयं SP साहब को ही अपनी आपबीती और शिकायत सुनाने की जिद पर अड़ी हुई थीं, जिस कारण उन्हें विवश होकर इस अवस्था में लाना पड़ा।
इसके पश्चात अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक राकेश पंद्रो ने पूरे मामले को गंभीरता से सुनते हुए परिजनों और पीड़िता की शिकायत सुनी तथा संबंधित थाने को त्वरित कार्रवाई करने का कड़ा निर्देश दिया।
क्या है पूरा विवाद?
शिकायती पत्र के अनुसार, औद्योगीक क्षेत्र थाना अंतर्गत अलकापुरी की निवासी 68 वर्षीया प्रार्थीया पुष्पा देवी (पति स्व. जगदीशचंद्र जी) ने अन्नूबाई चावडा, कालुराम, सुमित चावडा एवं यश शर्मा के विरुद्ध धोखाधड़ी और छल-कपट की शिकायत दर्ज कराई है। पुष्पा देवी का आरोप है कि कोई संतान न होने के कारण उन्होंने घरेलू काम के लिए अन्नूबाई को रखा था। आरोप है कि उनके अस्वस्थ होने का फायदा उठाकर धोखे व अंधेरे में रखकर मकान की वसीयत और विक्रय-पत्र का संपादन अपने नाम करवा लिया गया। आरोप लगाया गया कि दिनांक 22.04.2026 को जालसाजी कर 8,90,000 रुपये का फर्जी प्रतिफल बताकर रजिस्ट्रार ऑफिस में धोखाधड़ी से रजिस्ट्री निष्पादित करा ली गई। वृद्धा के बैंक खातों से एफडी (FD) व जमा राशि करीब 17.64 लाख रुपये तुड़वाकर/ट्रांसफर करवाकर धोखाधड़ी की गई है।
भतीजों से मारपीट व धमकी
पिछले माह अगस्त में जब वृद्धा के भतीजे मकान की देखभाल करने आए, तो आरोपियों और 15-20 असामाजिक तत्वों ने उनके साथ गाली-गलौज व मारपीट करते हुए जान से मारने की धमकी दी और घर से बाहर खदेड़ दिया।
मामले में प्रार्थीया पुष्पा देवी ने आरोपियों के विरुद्ध धोखाधड़ी, कूटरचित दस्तावेज तैयार करने व षड्यंत्र रचने (भारतीय न्याय संहिता BNS 2023 की धारा 318(4), 338, 336(3)) के तहत तत्काल एफआईआर दर्ज कर कड़ी कार्रवाई की मांग की है।