रतलाम / चेकिंग के दौरान नाकेबंदी तोड़कर भागा तस्कर, 166 किलो डोडाचूरा और पिकअप वाहन ज़ब्त
रतलाम,19 जून (इ खबर टुडे)। मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाई जा रही मुहिम में ताल थाना पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने नाकेबंदी के दौरान घेराबंदी कर एक बिना नंबर की सफेद बोलेरो पिकअप से 10 प्लास्टिक के बोरों में भरा 166.15 किलोग्राम डोडाचूरा ज़ब्त किया है। ज़ब्त किए गए डोडाचूरा की अंतरराष्ट्रीय कीमत लगभग 8 लाख 30 हजार रुपये आंकी गई है। हालांकि, अंधेरे का फायदा उठाकर आरोपी चालक मौके से फरार होने में कामयाब रहा।
मिली जानकारी के अनुसार, बीते दिन गुरुवार को पुलिस अधीक्षक अमित कुमार के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) विवेक कुमार लाल व अनुविभागीय अधिकारी पल्लवी गौर के मार्गदर्शन में ताल थाना पुलिस द्वारा 'ताल फंटा' पर सघन वाहन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा था। इसी दौरान एक सफेद रंग की बिना नंबर की बोलेरो पिकअप आती हुई दिखाई दी। पुलिस टीम ने जब उसे रुकने का इशारा किया, तो चालक ने गाड़ी रोकने के बजाय बैरीकेड्स के साइड से गाड़ी को सड़क के नीचे उतारा और तेज रफ्तार में आलोट की तरफ भगा ले गया।
अंधेरे का फायदा उठाकर खेतों में छुपा आरोपी
संदेह होने पर पुलिस टीम ने तुरंत मुस्तैदी दिखाते हुए तस्कर का पीछा किया। पुलिस को पीछे आता देख आरोपी चालक वाहन को काजाखेड़ी के कच्चे रास्ते पर ग्राम भूतिया के पास छोड़कर, रात के अंधेरे का लाभ उठाते हुए खेतों की तरफ भाग निकला। जब पुलिस ने लावारिस हालत में छूटे वाहन की तलाशी ली, तो उसमें काले रंग के 10 प्लास्टिक के बोरे मिले, जिनमें अवैध डोडाचूरा भरा हुआ था।
बरामद माल
अवैध डोडाचूरा: 166.15 किलोग्राम (कीमत लगभग 8,30,000 रुपये)
वाहन: एक सफेद रंग की बिना नंबर की बोलेरो पिकअप
आरोपी की तलाश में जुटी पुलिस
पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर अज्ञात फरार चालक की तलाश के लिए विशेष टीमें गठित कर दी हैं।
सराहनीय भूमिका
इस पूरी त्वरित और कामयाब कार्रवाई में ताल थाना प्रभारी निरीक्षक स्वराज डाची, सउनि पंकज भम्भोरिया, आरक्षक शुभम सिंह चौहान (328), आरक्षक सांवरिया पाटीदार (327), आरक्षक विक्रम चौधरी (582) तथा आरक्षक भूपेन्द्र डिण्डोर (1067) की विशेष और सराहनीय भूमिका रही।