रतलाम / शेयर मार्केट में धोखाधड़ी की शिकायत करने पर युवक के घर फायरिंग (देखिए वीडियो)
रतलाम, 19 जून(इ खबर टुडे)। शहर के दीनदयाल नगर थाना क्षेत्र अंतर्गत आने वाले सैफी नगर में शुक्रवार दोपहर दिनदहाड़े फायरिंग की सनसनीखेज वारदात सामने आई है। मामला शेयर मार्केट के नाम पर लाखों रुपये के लेनदेन के विवाद और पुलिस में की गई शिकायत से जुड़ा बताया जा रहा है। हमले के बाद इलाके में दहशत का माहौल है। सूचना मिलते ही नगर पुलिस अधीक्षक सत्येंद्र घनघोरिया, डीडी नगर थाना प्रभारी अनुराग यादव और हाट की चौकी प्रभारी पंकज राजपूत पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की।
जानकारी के अनुसार, फरियादी दिव्यांश उर्फ छोटू सोनी निवासी 80, सैफी नगर, रतलाम ने हाल ही में सरवन थाने में एक लिखित आवेदन देकर शिकायत दर्ज कराई थी। दिव्यांश का आरोप है कि सरवन निवासी आदित्य सोमानी ने उसे शेयर मार्केट सिखाने के बहाने 'मेटा ट्रेडर-5' और 'ग्लोबल ट्रेड' ऐप डाउनलोड करवाए और उससे करीब 35 लाख रुपये ले लिए। अब आरोपी का कहना है कि पैसा डूब गया है और वह दिव्यांश से 1 करोड़ रुपये की अतिरिक्त मांग कर रहा है।
पहले दी धमकी, फिर गाड़ी पर छोड़ गए पिस्टल
फरियादी द्वारा पुलिस में आवेदन दिए जाने से नाराज सौरभ सोमानी ने उसे जान से मारने की धमकी दी थी कि "अगर FIR कराई तो जिंदा नहीं छोड़ेंगे।" इसके बाद दिव्यांश सरवन से अपने रतलाम स्थित घर लौट आया। बदमाशों के हौसले इतने बुलंद थे कि गुरुवार-शुक्रवार की दरमियानी रात लगभग 11:30 बजे दो अज्ञात बाइक सवार युवक दिव्यांश के घर पहुंचे। उन्होंने बाहर खड़ी कार के कांच फोड़े और एक पिस्टल गाड़ी की सीट पर छोड़कर भाग गए। रात में ही सूचना मिलने पर डीडी नगर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर पिस्टल को जब्त कर लिया था।
दोपहर में बाइक सवार 4 बदमाशों ने की फायरिंग
रात की घटना के बाद शुक्रवार दोपहर करीब 3:00 बजे दो मोटरसाइकिलों पर सवार होकर अज्ञात चार नकाबपोश युवक फिर से सैफी नगर पहुंचे। बदमाशों ने दिव्यांश के घर को निशाना बनाते हुए सीधे फायरिंग कर दी। गोली घर की खिड़की के कांच पर जाकर लगी, जिससे कांच चकनाचूर हो गया। गनीमत रही कि इस घटना में कोई हताहत नहीं हुआ।
जांच में जुटी पुलिस
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधिकारियों ने मौके का मुआयना किया है। पुलिस आसपास के लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाल रही है ताकि बदमाशों की पहचान की जा सके। पुलिस का कहना है कि आरोपियों के खिलाफ सख्त वैधानिक कार्रवाई की जा रही है और जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा।