{"vars":{"id": "115716:4925"}}

देर रात माणक चौक पुलिस की बड़ी कार्रवाई: जुए के अड्डे पर दबिश देकर सात आरोपी रंगे हाथों गिरफ्तार, नकद और ताश के पत्ते जब्त

 

 

 ​​​​

​रतलाम, 26 जुलाई (इ खबर टुडे)। शहर में अपराध और अवैध गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत माणक चौक थाना पुलिस ने शनिवार-रविवार की दरमियानी रात एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। पुलिस ने शहर सराय क्षेत्र में दबिश देकर जुआ खेल रहे सात आरोपियों को रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। मौके से नकदी और ताश के पत्ते बरामद किए गए हैं।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, मुखबिर से सूचना मिली थी कि शहर सराय स्थित हुसैनी बिल्डिंग में फहीम पठान के मकान पर बड़े पैमाने पर जुए का फड़ सजा हुआ है। सूचना की तस्दीक होते ही माणक चौक थाना प्रभारी विक्रम चौहान के नेतृत्व में उप निरीक्षक शांतिलाल चौहान के साथ टीम ने आधी रात को घेराबंदी कर अचानक दबिश दी। पुलिस की अचानक हुई इस कार्रवाई से जुआरियों में हड़कंप मच गया।

​ये आरोपी हुए गिरफ्तार
पुलिस ने मौके से सात जुआरियों को दांव लगाते हुए रंगे हाथों पकड़ा। जिसमे ​इकलाख उर्फ गोलू (27 वर्ष), निवासी आशीर्वाद नर्सिंग होम के पीछे, हाट रोड, ​जाहिद (21 वर्ष), निवासी न्यू आजाद नगर, उकाला रोड, फजल (23 वर्ष), निवासी नूरी नगर, ​फहीम (25 वर्ष), निवासी इंडिया गेट के पास, शहर सराय, ​साहिल (24 वर्ष), निवासी इंडिया गेट के पास, शहर सराय, ​समीर (25 वर्ष), निवासी वेदव्यास कॉलोनी, ​अयान (23 वर्ष), निवासी सुभाष मार्ग, शहर सराय शामिल है। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने आरोपियों के कब्जे और ताश के फड़ से 4,480 रुपए नगद तथा ताश की गड्डी जब्त की है। ​

माणक चौक थाना पुलिस ने सभी सातों आरोपियों के खिलाफ पब्लिक गैंबलिंग एक्ट (जुआ अधिनियम) की सुसंगत धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है और आगे की कानूनी जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि शहर में इस तरह की अवैध गतिविधियों के खिलाफ कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी।