{"vars":{"id": "115716:4925"}}

रतलाम की सरस्वती एवं आयुष 10 वी कक्षा की मेरिट सूची में 9 वें  स्थान पर  

 12 वी की प्रदेश की मेरिट में आए जिले के 4 विद्यार्थी 
 
 मा.शि.म. द्वारा हाई स्कूल एवं हायर सेकेंडरी परीक्षा के परिणाम जारी
मुख़्यमंत्री मोहन यादव ने जारी किये परीणाम 
 

रतलाम 15 अप्रैल (इ खबर टुडे) ।  मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने बुधवार को संवाद भवन (मुख्यमंत्री निवास) में माध्यमिक शिक्षा मंडल, भोपाल द्वारा ली गई कक्षा 10वीं, 12वीं परीक्षा के परिणाम घोषित किए। रतलाम की सरस्वती एवं आयुष 10 वी कक्षा की मेरिट सूची में 9 वें  स्थान पर रहे जबकि 12 वी की प्रदेश की मेरिट में जिले के 4 विद्यार्थियों ने जगह बनाई है। 

 

वर्ष 2026 में कक्षा 10वीं बोर्ड परीक्षा का परिणाम 73.42 प्रतिशत एवं कक्षा 12वीं बोर्ड परीक्षा परिणाम 76.01 प्रतिशत रहा। शासकीय स्कूलों के विद्यार्थियों ने इस बार अपना ही रिकॉर्ड तोड़ दिया है। कक्षा 12वीं का परीक्षा परिणाम इस बार बीते 16 वर्षों में सर्वश्रेष्ठ रहा है। कक्षा 12वीं बोर्ड में शासकीय सुभाष उत्कृष्ट उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, शिवाजी नगर, भोपाल की वाणिज्य संकाय की छात्रा कु. खुशी राय एवं अशासकीय गुरूदेव शिक्षा केन्द्र उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, नीलबड़, भोपाल की छात्रा कुमारी चांदनी विश्वकर्मा ने कुल 500 अंकों में से 494 अंक हासिल कर संयुक्त रुप से टॉप किया है। रतलाम जिले के 10वीं के दो विद्यार्थी एवं 12वीं के 4 विद्यार्थियों ने प्रदेश की टॉप टेन सूची में अपना स्थान बनाया है।

 

जिला शिक्षा अधिकारी रतलाम अशोक  लोढा ने बताया कि रतलाम जिले में 10वीं कक्षा के दो विद्यार्थी, शासकीय उ.मा.वि. रियावन रतलाम की सरस्वती पिता घनश्याम एवं शासकीय उ.मा.वि. धामनोद के आयुष पाटीदार ने 500 में 491 अंक प्राप्त कर एमपी बोर्ड 10वीं की मेरीट लिस्ट में प्रदेश स्तर पर संयुक्त रूप से 9वां स्थान प्राप्त किया है। एमपी बोर्ड 12 वीं की मेरीट लिस्ट में रतलाम जिले के 4 विद्यार्थियों ने टॉप टेन की सूची में स्थान प्राप्त किया हैं। जिसमें सृष्टि  सिलावट ने वाणिज्य संकाय में पूर्णांक 500 में से 488 अंक प्राप्त कर तीसरा स्थान,मनस्वी गोयल ने गणित संकाय में पूर्णांक 500 में से 488 अंक प्राप्त कर पांचवा स्थान, हायर सेकेण्डरी स्कूल कालूखेडा की नीलोफर शेख ने गणित मे पूर्णांक 500 में से 481 अंक प्राप्त कर दसवा स्थान एवं अक्षिता पालीवान ने वाणिज्य  संकाय में  पूर्णाक 500 में से 491 अंक प्राप्त कर दसवा स्थान हासिल किया है। सृष्टि,मनस्वी और अक्षिता तीनो अशासकीय विद्यालयों के विद्यार्थी है। 

 रतलाम जिले का कक्षा दसवीं का शासकीय विद्यालयों का परीक्षा परिणाम 80.77 प्रतिशत  एवं अशासकीय का 71.93 प्रतिशत रहा । कक्षा 12 वीं का शासकीय विद्यालयों का  परीक्षा प्ररिणाम 83.83 प्रतिशत एवं अशासकीय का 77.81 प्रतिशत रहा है। जिले के विद्यार्थियों की उपलब्धि के लिए कलेक्टर श्रीमती मिशा सिंह एवं जिला शिक्षा अधिकारी अशोक लोढा ने विद्यार्थियों को बधाई दी एवं उनके उज्जवल भविष्य की कामना की।