ताल पुलिस की त्वरित कार्रवाई: सनखेड़ी लूट कांड का 24 घंटे में खुलासा, दो आरोपी गिरफ्तार
रतलाम, 31 जुलाई (इ खबर टुडे)। ताल थाना पुलिस ने ग्राम सनखेड़ी (डेलवास) में एक व्यापारी के साथ हुई लूट की वारदात का मात्र 24 घंटे के भीतर खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार करने में बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लूटा गया सामान और नकदी भी बरामद कर ली है।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, शिवपुरी जिले के ग्राम बंगवान (थाना करैरा) निवासी व्यापारी दिलीप पिता देवसिंह प्रजापत (36) अपने साथियों के साथ कार से दिल्ली से गैस चूल्हा, होम थिएटर और एलसीडी खरीदकर गांव-गांव बेचने का काम करता है। बीते गुरुवार को जब वह ग्राम सनखेड़ी (डेलवास) में एक नवनिर्मित मकान के पास मौजूद था, तभी स्थानीय निवासी शिवनारायण और रंजीत नामक व्यक्तियों ने उसके और उसके साथियों के साथ मारपीट कर एक होम थिएटर, एक एलईडी टीवी और 5,000 रुपये नकद जबरन छीन लिए।
फरियादी की शिकायत पर थाना ताल पुलिस ने तत्काल त्वरित कार्रवाई करते हुए अपराध क्रमांक 386/2026, धारा 309(4), 309(6) बीएनएस के तहत प्रकरण दर्ज कर विवेचना शुरू की। घटना की गंभीरता को देखते हुए ताल पुलिस ने तत्काल एक्शन लिया और मुखबिर व तकनीकी साक्ष्यों की मदद से आरोपियों की धरपकड़ की। पुलिस ने पंचनाम के समक्ष त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों नामजद आरोपी रंजीत उर्फ रणजीत पिता रमेश जायसवाल (कलाल), उम्र 34 वर्ष, निवासी ग्राम सनखेड़ी (डेलवास) ताल, शिवनारायण उर्फ शिवचरण पिता मांगीलाल मोगिया, उम्र 48 वर्ष, निवासी ग्राम डेलवास ताल को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लूटा गया पूरा मुरुम (सामान) — एक होम थिएटर, एक एलईडी टीवी और 5,000 रुपये नगद — पूरी तरह से बरामद कर लिया है। मामले में आगे की जांच जारी है।
सराहनीय भूमिका
इस लूट की वारदात का अल्प समय में पर्दाफाश करने में थाना ताल के थाना प्रभारी निरीक्षक स्वराज डाबी, उपनिरीक्षक कांतिलाल सोनार्थी, सहायक उपनिरीक्षक मदनसिंह डोडिया, प्रधान आरक्षक 116 निकोलस लकड़ा, आरक्षक 445 नितिन सक्सेना, आरक्षक 1184 निलेश शर्मा और आरक्षक 1038 हरिशंकर सविता की सराहनीय भूमिका रही।