{"vars":{"id": "115716:4925"}}

 हाईटेक हुई ग्रामीण एसडीएम कोर्ट, वकीलों को व्हाट्सएप पर मिल रही है डेली काज लिस्ट

 
 

रतलाम,04 जून (इ खबरटुडे)। राजस्व न्यायालयों में वकालात करना अभिभाषकों के लिए आमतौर पर परेशानी भरा हुआ करता था,क्योकि कार्यपालिक मजिस्ट्रेटों की प्रशासनिक व्यस्तताओं के चलते न्यायालयीन प्रकरणों की सुनवाई अक्सर अनियमित हुआ करती थी। लेकिन  ग्रामीण एसडीएम न्यायालय द्वारा किए गए नवाचार के चलते वकीलों को अब आसानी होने लगी है। वकीलों को इस न्यायालय में सुनवाई के लिए लगे प्रकरणों की काज लिस्ट प्रतिदिन व्हाट्सएप पर उपलब्ध कराई जा रही है।

कलेक्टर सुश्री मिशा सिंह द्वारा दिए गए निर्देशों के परिपालन में  ग्रामीण  एसडीएम कोर्ट द्वारा न्यायालय में प्रचलित प्रकरणों की जानकारी अभिभाषकों तक पंहुचाने के लिए व्हाट्सएप ग्र्रुप का उपयोग करने का नवाचार किया गया है।  ग्रामीण  एसडीएम विवेक सोनकर ने कलेक्टर के निर्देश पर तुरन्त कार्यवाही करते हुए न्यायालय में आने वाले अभिभाषकों का एक व्हाट्सएप  ग्र्रुप बनवाया और प्रतिदिन की काज लिस्ट अभिभाषकों को उपलब्ध कराई जाने लगी।

वकीलों तक काज लिस्ट पंहुचाने के लिए बनाए गए सब डिविजन रतलाम रुरल कोर्ट नामक व्हाट्स एप ग्र्रुप में एसडीएम न्यायालय के प्रवाचक संजय जैन प्रतिदिन दोपहर को उस दिन की काज लिस्ट डाल देते है,जिससे कि अभिभाषकों को यह पता चल जाता है कि उनका प्रकरण कौन से नम्बर पर है और अभिभाषक को किस समय न्यायालय में उपस्थित होना है। पीठासीन अधिकारी की अनुपस्थिति की सुचना भी  इसी ग्रुप पर मिल जाती है जिससे अभिभाषकों का समय व्यर्थ  नहीं होता है।  इस व्हाट्सएप ग्रुप में अभी करीब 107 अभिभाषकों को जोडा गया है।

उल्लेखनीय है कि मध्यप्रदेश उच्च न्यायालय और जिला न्यायालयों में यह व्यवस्था पहले से प्रारंभ हो चुकी है। हांलाकि उच्च न्यायालय और जिला न्यायालयों द्वारा प्रकरण की जानकारी व्हाट्सएप पर न दी जाकर एसएमएस के माध्यम से दी जाती है। राजस्व  न्यायालयों में इस तरह की सुविधा प्रारंभ करने वाला ग्रामीण  एसडीएम न्यायालय पहला न्यायालय है। ग्र्रामीण एसडीएम कोर्ट में हुए नवाचार के बाद  अन्य राजस्व  न्यायालयों  में भी इस तरह की सुविधा प्रारंभ होने की उम्मीद है।