{"vars":{"id": "115716:4925"}}

 फिर फैलने लगी पैट्रोल खत्म होने की अफवाहें, कंपनी की लापरवाही से बन्द हुए एचपी के पैट्रोल पंप

 
 

रतलाम,03 मई (इ खबरटुडे)। इजराइल इरान युद्ध के चलते पूरी दुनिया में पैट्रोल डीजल का संकट गहराने लगा है। इसी वजह से कुछ दिनों पहले अचानक पैट्रोल खत्म होने की अफवाहों  के चलते शहर के तमाम पैट्रोल पंपों पर भारी भीड लग गई थी और काफी अफरा तफरी मच गई थी,जबकि पैट्रोल की कोई कमी नहीं थी। वैसी ही परिस्थितियां फिर से उत्पन्न होने लगी है। शहर में हिन्दुस्तान पैट्रोलियम(एचपी) कंपनी के अधिकारियों की लापरवाही के चलते एचपी के सभी पैट्रोल पंप बंद हो गए है और इसी वजह से पैट्रोल खत्म होने की अफवाह फिर से फैल सकती है।

उल्लेखनीय है कि कुछ हफ्तों पहले शहर में अचानक पैट्रोल पंपों पर भीड उमडने लगी थी और वाहन चालक बिना जरुरत के टंकियां फुल करवाने लगे थे। ये सबकुछ पैट्रोल खत्म हो जाने की अफवाह के चलते हुआ था और दो तीन दिनों तक इसी तरह के हालात बने हुए थे। बाद में जिला प्रशासन द्वारा लगातार कोशिशें करके स्थिति को नियंत्रित किया गया था।  वास्तविकता यह थी कि पैट्रोल की कोई कमी नहीं थी,लेकिन सिर्फ अफवाहों ने स्थिति को बिगाड दिया था।

शहर में हिन्दुस्तान पैट्रोलियम कंपनी के सारे पैट्रोल पंप अचानक बन्द हो गए है। एचपी पैट्रोल पंप बन्द होने के  कारण कई लोगों में फिर से पैट्रोल की कमी होने की आशंका उत्पन्न हो गई है। स्थिति की वास्तविकता जानने के लिए इ खबरटुडे ने एपपी पैट्रोल पंप संचालकों से सम्पर्क किया तो कई चौंकाने वाले तथ्य सामने आए।

कंपनी ही पैदा कर रही है संकट
पैट्रोल पंप संचालक सतीश वाजपेयी ने बताया कि कंपनी को पैट्रोल और डीजल का अग्रिम भुगतान करने के बावजूद भी टैैंकर भेजने में जानबूझ कर देरी की जा रही है। उन्होने कहा कि वे बीते गुरुवार को ही पैट्रोल डीजल का अग्र्रिम भुगतान कर चुके है,लेकिन अभी तक टैैंकर नहीं आए है। कंपनी के अधिकारी ये भी नहीं बता रहे है कि टैैंक र कब तक आएंगे। इसी कारण से उन्हे पैट्रोल पंप बन्द करना पडा है।

एक अन्य एचपी पैट्रोल पंप संचालक सुनील लुनिया ने बताया कि कंपनी की ओर से जानबूझ कर सप्लाय में देरी की जा रही है, क्योंकि कच्चे तेल के भावों में वृद्धि के चलते कंपनी को पैट्रोल डीजल पर भारी नुकसान उठाना पड रहा है। कंपनी अभी कम से कम पैट्रोल डीजल बेचने की नीति पर चल रही है और इसी कारण से सप्लाय में जानबूझकर देरी की जा रही है। 

दूसरी ओर इ खबरटुडे ने जब हिन्दुस्तान पैट्रोलियम के विक्रय अधिकारी (सेल्स आफिसर)हर्षित जोधानी से इस बारे में जानकारी लेने का प्रयास किया गया तो उनका कहना था कि कंपनी की सप्लाय में कोई दिक्कत नहीं है,जो भी समस्या है,वह डीलर की ओर से है। जोधानी ने उ्मीद जताई कि सोमवार तक पैट्रोल पंप चालू हो जाएंगे।

सेल्स आफिसर हर्षित जोधानी का कहना था कि वे कंपनी की ओर से कोई भी जानकारी देने के लिए अधिकृत नहीं है। जब उनसे पूछा गया कि जब पैट्रोल पंप संचालक अग्रिम भुगतान कर चुके है फिर भी उन्हे पैट्रोल क्यो नहीं दिया जा रहा है? उन्होने कोई भी उत्तर देने से इंकार कर दिया। श्री जोधानी का कहना था कि वे कंपनी की ओर से कोई भी जानकारी देने के लिए अधिकृत नहीं है। दूसरी ओर जब इ खबरटुडे ने हिन्दुस्तान पैट्रोलियम कंपनी के रीजनल मैनेजर इन्दौर आशीष सिंह से उनके मोबाइल पर सम्पर्क करने का प्रयास किया गया तो उनके मोबाइल की घण्टी बजती रही,लेकिन उन्होने मोबाइल काल रिसीव नहीं की। इ खबरटुडे ने सेल्स आफिसर हर्षित जोधानी के माध्यम से भी रीजनल मैनेजर श्री सिंह को सूचना प्रेषित करवाई गई, लेकिन उन्होने कोई सम्पर्क नहीं किया।

कुल मिलाकर हिन्दुस्तान पैट्रोलियम कंपनी के अधिकारियों द्वारा जानबूझकर पैट्रोल डीजल की कृत्रिम कमी उत्पन्न की जा रही है,जबकि वास्तविकता में पैट्रोल डीजल की कोई कमी नहीं है। कंपनी के अधिकारियों की इन हरकतों के चलते कभी भी स्थितियां काबू से बाहर हो सकती है।