रतलाम / कांग्रेस पार्षद के निष्कासन पर बवाल, कांग्रेस ने किया निगम सम्मेलन का बहिष्कार; फूंका महापौर का पुतला
जैसे ही पार्षद सलीम बागवान को सदन से बाहर करने का निर्णय लिया गया, कांग्रेस के सभी पार्षदों ने इसे "लोकतंत्र की हत्या" करार देते हुए सदन का बायकॉट कर दिया। सदन के भीतर शुरू हुई नारेबाजी बाहर परिसर तक गूंजती रही। कांग्रेस पार्षदों का आरोप है कि सत्ता पक्ष विपक्ष की आवाज को दबाने का प्रयास कर रहा है और जनहित के मुद्दों पर चर्चा करने के बजाय तानाशाही रवैया अपना रहा है।
निगम द्वार पर प्रदर्शन और पुतला दहन
विरोध की आग सदन से निकलकर सड़क तक जा पहुंची। नारेबाजी करते हुए कांग्रेस पार्षद, पदाधिकारी और वरिष्ठ नेता नगर निगम के मुख्य द्वार पर जमा हुए। यहाँ उन्होंने महापौर और परिषद के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। नगर निगम प्रशासन पर भेदभाव का आरोप लगाया। विरोध स्वरूप महापौर और परिषद का पुतला दहन किया।
"विपक्ष की आवाज दबाने की कोशिश सफल नहीं होगी। अगर हमारे पार्षद को अनुचित तरीके से बाहर किया जाएगा, तो हम सदन से लेकर सड़क तक लड़ाई लड़ेंगे।" — प्रदर्शनकारी कांग्रेस नेता