रतलाम पुलिस की मानवीय पहल: 'हिट एंड रन' सड़क दुर्घटना पीड़ितों को मिली 39.50 लाख की आर्थिक सहायता
रतलाम, 24 अक्टूबर (इ खबर टुडे)। सड़क दुर्घटनाओं के पीड़ितों और उनके परिवारों को त्वरित राहत पहुंचाने की दिशा में रतलाम पुलिस ने एक सराहनीय कदम उठाया है। पुलिस अधीक्षक अमित कुमार के निर्देशन और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विवेक कुमार लाल के मार्गदर्शन में, डीएसपी यातायात आनंद स्वरूप सोनी के नेतृत्व में ‘हिट एंड रन पीड़ित प्रतिकर योजना’ और ‘राह वीर योजना’ के तहत उल्लेखनीय कार्य किए गए हैं। पुलिस के सक्रिय प्रयासों से जिले में पीड़ितों के लिए कुल 39,50,000 की राहत राशि स्वीकृत कराई गई है।
यातायात पुलिस द्वारा ‘हिट एंड रन’ मामलों में त्वरित कार्रवाई करते हुए प्रकरण स्वीकृति के लिए कलेक्टर कार्यालय भेजे गए थे। इनमें से कुल 43 प्रकरणों में जनरल इंश्योरेंस काउंसिल ऑफ इंडिया द्वारा भुगतान स्वीकृत किया गया है। सड़क दुर्घटनाओं में जान गंवाने वाले 12 मृतकों के परिजनों को कुल 24,00,000 की आर्थिक सहायता प्रदान की गई है। दुर्घटनाओं में गंभीर रूप से घायल हुए 31 पीड़ितों को कुल 15,50,000 की आर्थिक सहायता दिलाई गई है। प्रशासन द्वारा शेष लंबित प्रकरणों में भी भुगतान की प्रक्रिया तेजी से जारी है।
पुलिस अधीक्षक की आमजन से अपील
पुलिस अधीक्षक अमित कुमार ने आम नागरिकों से अपील करते हुए कहा है कि सड़क दुर्घटना में घायल व्यक्ति की समय पर मदद करना मानवता का सबसे बड़ा कार्य है। ‘राह वीर योजना’ का उद्देश्य ऐसे नेक दिल नागरिकों को सम्मानित एवं प्रोत्साहित करना है जो दुर्घटना पीड़ितों की मदद के लिए आगे आते हैं। उन्होंने नागरिकों से यातायात नियमों का सख्ती से पालन करने और दुर्घटना की स्थिति में तुरंत सहायता पहुंचाने का आह्वान किया है।
रतलाम पुलिस द्वारा सड़क सुरक्षा और जन-जागरूकता से जुड़े ऐसे अभियान भविष्य में भी निरंतर जारी रखे जाएंगे।