{"vars":{"id": "115716:4925"}}

डायमंड व्यवसाय में दोगुने मुनाफे का झांसा देकर 20 लाख रुपये की ठगी

 

 

रतलाम, 21 अगस्त(इ खबर टुडे)। डायमंड (हीरे) के कारोबार में निवेश करने पर रकम दोगुनी करने का लालच देकर एक फास्ट फूड व्यवसायी से करीब 20 लाख रुपये की धोखाधड़ी करने का मामला सामने आया है। पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पीड़ित फास्ट फूड व्यवसायी महेंद्रसिंह (30 वर्ष) ने पुलिस में शिकायत दर्ज करवाई है। रिपोर्ट के अनुसार, एक दोस्त के जरिए उसकी मुलाकात रवींद्रसिंह टांक (33 वर्ष, निवासी बिजनौर, उत्तर प्रदेश, हाल मुकाम इंदौर) से हुई थी। 12 फरवरी 2025 को रवींद्रसिंह अपने साथी हरजिंदरसिंह के साथ महेंद्रसिंह के घर पहुंचा और खुद को डायमंड व्यवसाय से जुड़ा बताकर रकम दोगुनी करने का ऑफर दिया।

​ठगी का तरीका
​शुरुआती लेन-देन: झांसे में आकर महेंद्रसिंह ने 13 फरवरी 2025 को अपनी मां के मोबाइल से आरोपी को 30 हजार रुपये ट्रांसफर किए। इसके बाद उसने परिजनों और एयरटेल पेमेंट बैंक के जरिए रकम भेजना जारी रखा।

​विश्वास जीतना: शुरुआत में करीब 7 लाख रुपये ट्रांसफर कराने के बाद आरोपी ने पीड़ित को 3 लाख रुपये वापस लौटा दिए। इससे पीड़ित का विश्वास मजबूत हो गया।

​बड़ी रकम की चपत: इसके बाद 13 फरवरी से 21 मार्च 2025 के बीच पीड़ित ने अलग-अलग किस्तों में कुल 20 लाख रुपये आरोपी के खाते में ऑनलाइन ट्रांसफर कर दिए।

​घाटे का बहाना और पुलिस कार्रवाई
रकम काफी अधिक हो जाने पर आरोपी ने रुपये लौटाना बंद कर दिया। पूछने पर वह कारोबार में घाटा होने का बहाना बनाता रहा और आश्वासन देता रहा। पीड़ित के अनुसार, पिछले जून माह से आरोपी केवल आश्वासन ही दे रहा है। शिकायत दर्ज कर पुलिस ने मामले की गहन जांच शुरू कर दी है।