{"vars":{"id": "115716:4925"}}

रतलाम / बेदखली के नोटिस से भड़के पीएम आवास के रहवासी, कैबिनेट मंत्री के निवास का किया घेराव

 

​रतलाम, 1 अगस्त(इ खबर टुडे)। ​डोसी गांव स्थित प्रधानमंत्री आवास योजना (पीएम आवास) की ईडब्ल्यूएस मल्टी के रहवासियों ने शनिवार को बकाया राशि जमा नहीं करने पर मिले बेदखली के नोटिस के विरोध में जोरदार प्रदर्शन किया। आक्रोशित रहवासी अपनी समस्याएं बताने और विरोध दर्ज कराने के लिए कैबिनेट मंत्री चैतन्य कश्यप के स्टेशन रोड स्थित निवास पर पहुंचे और बाहर सड़क पर बैठकर नगर निगम प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।

​शुक्रवार को नगर निगम की टीम डोसी गांव स्थित पीएम आवास परिसर में 208 हितग्राहियों को बकाया राशि जमा कराने का नोटिस चस्पा करने पहुंची थी। इस दौरान रहवासियों और निगम कर्मचारियों के बीच तीखी बहस हो गई, जो देखते ही देखते पथराव और मारपीट में बदल गई। घटना से जुड़े कई वीडियो सोशल मीडिया पर भी वायरल हुए थे।

​नगर निगम ने 208 हितग्राहियों को 3 दिन के भीतर बकाया राशि जमा करने का अल्टीमेटम दिया है। निगम का कहना है कि यदि 4 अगस्त तक राशि जमा नहीं की गई, तो नियमानुसार फ्लैट खाली कराने सहित अन्य वैधानिक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

​प्रदर्शनकारियों की मांग
​नगर निगम की इस सख्त कार्रवाई और नोटिस के विरोध में शनिवार को रहवासी मंत्री निवास के बाहर सड़क पर धरने पर बैठ गए। रहवासियों का कहना था कि ​नगर निगम द्वारा लगातार फ्लैट खाली कराने की चेतावनी दी जा रही है, जबकि उनकी समस्याओं का समाधान पहले किया जाना चाहिए। ​बकाया राशि जमा कराने के लिए जारी नोटिस तुरंत वापस लिए जाएं। ​बेदखली की जा रही कार्रवाई पर तुरंत रोक लगाई जाए।

​पुलिस और प्रशासन की समझाइश
​मंत्री निवास पर प्रदर्शन की खबर मिलते ही सीएसपी सत्येंद्र घनघोरिया और स्टेशन रोड थाना पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस अधिकारियों ने प्रदर्शनकारियों से वार्ता की और समझाया कि सड़क पर प्रदर्शन करने से समस्या का समाधान नहीं निकलेगा।

​पुलिस ने रहवासियों को सूचित किया कि डोसी गांव स्थित ईडब्ल्यूएस मल्टी परिसर में नगर निगम द्वारा एक विशेष शिविर का आयोजन किया गया है, जहां अधिकारी उनकी समस्याएं सुनेंगे और आवश्यक जानकारी देंगे। इसके बाद प्रदर्शनकारी शांतिपूर्वक मंत्री निवास से वापस लौट गए।

​निगम आयुक्त ने खुद संभाला शिविर
​प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत डोसी गांव में निर्मित ईडब्ल्यूएस फ्लैट के रहवासियों की आवंटन राशि जमा कराने और समस्याओं के निवारण हेतु परिसर में ही विशेष शिविर आयोजित किया गया। नगर निगम आयुक्त अनिल भाना खुद निगम इंजीनियरों और प्रशासनिक अधिकारियों के साथ शिविर स्थल पर उपस्थित रहे और स्थिति का जायजा लिया।