{"vars":{"id": "115716:4925"}}

रतलाम : रावटी पुलिस ने 24 घंटे में सुलझाई अंधे कत्ल की गुत्थी, अज्ञात कंकाल की शिनाख्त कर 4 आरोपी गिरफ्तार

 

रतलाम, 15 नवंबर (इ खबर टुडे ) |  थाना रावटी क्षेत्र में मिले एक अज्ञात मानव कंकाल के मामले में रतलाम पुलिस ने त्वरित और सराहनीय कार्रवाई करते हुए महज 24 घंटे के भीतर घटना का पर्दाफाश कर दिया है। वैज्ञानिक, भौतिक एवं तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर मृतक की शिनाख्त कर ली गई है, तथा इस सनसनीखेज मामले में पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
​
जानकारी के अनुसार बीते दिन शनिवार को  थाना रावटी क्षेत्र में एक अज्ञात कंकाल मिलने की सूचना मिली थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक रतलाम अमित कुमार के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ग्रामीण विवेक कुमार लाल, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शहर राकेश पंद्रो के मार्गदर्शन और एसडीओपी सैलाना लेखराज मीणा के नेतृत्व में एक विशेष पुलिस टीम का गठन किया गया।

​घटनास्थल पर वैज्ञानिक अधिकारियों और डॉग स्क्वॉड की टीम ने बारीकी से मुआयना कर भौतिक साक्ष्य जुटाए। इसके बाद मुखबिर तंत्र और तकनीकी सर्विलांस की मदद से मामले की तह तक जाने के प्रयास शुरू किए गए।

​जांच में खुला खौफनाक सच
​पुलिस जांच के दौरान यह चौंकाने वाला तथ्य सामने आया कि गत 30 अक्टूबर 2026 की रात्रि करीब 9:30 बजे ग्राम बिलड़ी निवासी मड़िया गामड़ के घर पर गोलू कटारा, संजय गरवाल, अनिल मुनिया और बाबूलाल गामड़ पहुंचे थे। दरवाजा खुलवाने के बाद इनमें से तीन आरोपी घर के अंदर घुसे और मड़िया से रुपयों की मांग करते हुए चाकू दिखाकर डराने-धमकाने लगे।

​आत्मरक्षा के दौरान मड़िया ने चाकू पकड़ लिया, जिससे उसका धारदार हिस्सा टूटकर मड़िया के हाथ में ही रह गया। इसके बाद हुई हाथापाई और संघर्ष में मड़िया द्वारा गोलू और संजय को चोटें पहुंचाई गईं। शोर-शराबा होने पर चारों आरोपी घर के पीछे जंगल की ओर भागे। भागते समय रास्ते में खाईनुमा जगह पर गिरने से गोलू बेहोश हो गया। उसके साथी उसे उठाने का प्रयास कर रहे थे, लेकिन उसकी मृत्यु हो जाने के डर से वे उसके शव को वहीं झाड़ियों में छोड़कर फरार हो गए थे।

​परिजनों के बयानों से हुई पहचान
​कंकाल मिलने के बाद पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए मृतक के परिजनों से संपर्क किया। मृतक गोलू कटारा के पिता और बहन के बयानों के साथ-साथ आरोपियों (अनिल मुनिया और बाबूलाल गामड़) से की गई कड़ाई से पूछताछ के आधार पर मिले कंकाल की पुष्टि गोलू कटारा के रूप में हुई।

​इस मामले में मड़िया गामड़ की रिपोर्ट पर पूर्व में दर्ज प्रकरण के आधार पर अब धारा 105 बीएनएस के तहत कार्रवाई की गई है और घटना में संलिप्त पाए गए कुल चार व्यक्तियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस मामले में आगे की वैधानिक विवेचना कर रही है।

​गिरफ्तार आरोपियों के नाम
​अनिल पिता हरीश मुनिया (उम्र 20 वर्ष), निवासी ग्राम बिलड़ी
​बाबूलाल पिता शंभू गामड़ (उम्र 22 वर्ष), निवासी ग्राम बिलड़ी
​संजय पिता रायसिंह गरवाल (उम्र 20 वर्ष), निवासी ग्राम बिलड़ी
​मड़िया पिता गोवा गामड़ (उम्र 68 वर्ष), निवासी ग्राम बिलड़ी, थाना रावटी, जिला रतलाम

​पुलिस टीम की सराहनीय भूमिका
​इस अंधे कत्ल की गुत्थी को सुलझाने में एसडीओपी सैलाना लेखराज मीणा, थाना प्रभारी रावटी मनीष डावर, उपनिरीक्षक गलसिंह भावेल, एम.आई. खान, आरक्षक हेमंत जाट, आतिश धानक, आशीष धानक, नंदकिशोर मालवीय, अवधेश परमार, बहादुर दांगी तथा रतलाम साइबर सेल के उप निरीक्षक जीवन बारिया, प्रधान आरक्षक हिम्मत सिंह, आरक्षक मोर सिंह और तुषार सिसोदिया की महत्वपूर्ण और सराहनीय भूमिका रही।