रतलाम के कलरीपट्टू खिलाड़ियों ने जीते पदक, हर्ष शर्मा ने बनाया नया स्टेट रिकॉर्ड
रतलाम,10 सितम्बर (इ खबर टुडे)। इंदौर के गंगा मैरिज गार्डन, लिम्बोदी, इंदौर, मध्य प्रदेश में 4 से 6 सितंबर 2026 तक आयोजित 5वीं एम.पी. स्टेट कलरीपट्टू चैंपियनशिप-2026 में रतलाम के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए कई पदक हासिल किए। प्रतियोगिता का आयोजन मालवा कलरीपट्टू एसोसिएशन, मध्य प्रदेश द्वारा किया गया।
मार्शल आर्ट स्पोर्ट्स अकैडमी, रतलाम के खिलाड़ियों ने इस राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में भाग लिया। टीम का प्रतिनिधित्व कोच अभिषेक शर्मा ने किया। प्रतियोगिता में शशांक बैरागी एवं हर्ष शर्मा ने स्वर्ण पदक प्राप्त किया। वहीं सोनम चौहान, अनुकल्प चार्पोटा एवं समर प्रताप सिंह ने रजत पदक हासिल किए। इसके अलावा दिव्यांशी मीणा, दिव्यांशी बैरागी, अमोघ सिंह चौहान एवं दक्ष राठौर ने कांस्य पदक जीतकर रतलाम का नाम रोशन किया।
हर्ष शर्मा ने अपने ही रिकॉर्ड को तोड़कर बनाया नया स्टेट रिकॉर्ड
प्रतियोगिता का विशेष आकर्षण रतलाम के खिलाड़ी हर्ष शर्मा का प्रदर्शन रहा। हर्ष ने हाई किक इवेंट में 6 फीट 6 इंच की ऊंचाई पर किक मारकर नया स्टेट रिकॉर्ड बनाया। खास बात यह रही कि इस इवेंट का पिछला स्टेट रिकॉर्ड भी हर्ष शर्मा के ही नाम था। पिछले वर्ष हर्ष ने अपनी कैटेगरी में 5 फीट 8 इंच की ऊंचाई पर किक मारकर स्टेट रिकॉर्ड बनाया था। इस वर्ष उन्होंने अपने ही पुराने रिकॉर्ड को 10 इंच बेहतर करते हुए 6 फीट 6 इंच की ऊंचाई पर किक मारकर नया कीर्तिमान स्थापित किया।
इसके साथ ही दिव्यांशी शर्मा, भाव्यांशी शर्मा, समृद्धि कतरोलिया, युवांश माली एवं काश्वी रिद्धान जैन ने भी प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन किया।
चयनित खिलाड़ी आगामी दिनों में केरल में आयोजित होने वाली राष्ट्रीय कलरीपट्टू प्रतियोगिता में भाग लेंगे। खिलाड़ियों के राष्ट्रीय स्तर पर चयन से रतलाम के खेल जगत में खुशी का माहौल है।
खिलाड़ियों की इस उपलब्धि पर मार्शल आर्ट स्पोर्ट्स अकैडमी रतलाम के प्रशिक्षकों, पदाधिकारियों एवं खेलप्रेमियों ने सभी खिलाड़ियों को बधाई देते हुए राष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए शुभकामनाएं दीं। खिलाड़ियों ने अपनी सफलता का श्रेय नियमित अभ्यास, कठिन मेहनत और प्रशिक्षकों के मार्गदर्शन को दिया।
कलरीपट्टू भारत में मान्यता प्राप्त पारंपरिक मार्शल आर्ट खेल है, जिसमें शक्ति, गति, अनुशासन, लचीलापन एवं तकनीकी दक्षता का विशेष महत्व है। रतलाम के खिलाड़ियों की यह उपलब्धि जिले में कलरीपट्टू एवं मार्शल आर्ट खेलों को बढ़ावा देने की दिशा में महत्वपूर्ण उपलब्धि मानी जा रही है।