{"vars":{"id": "115716:4925"}}

 सिंहस्थ 2028 : रतलाम रेल मण्डल पवासा और मोहनपुरा में बनाएगा दो नए रेलवे स्टेशन,तैयारियां जोरों पर

 

 

रतलाम,24 अक्टूबर (इ खबरटुडे)। उज्जैन में वर्ष 2028 में आयोजित होने वाले सिंहस्थ महाकुंभ में आने वाले श्रद्धालुओं की भारी संख्या के अनुमानों को देखते हुए रतलाम रेल मण्डल द्वारा बडे पैमाने पर कार्ययोजना बनाई गई है। रेल मण्डल द्वारा मण्डल के विभिन्न रेलवे स्टेशनों पर कुल लगभग  करोड रु. की लागत से विभिन्न यात्री सुविधाओं का निर्माण किया जा रहा है। रेल मण्डल की व्यापक कार्ययोजना में उज्जैन के समीप दो नए रेलवे स्टेशनों का निर्माण भी शामिल है।

रतलाम रेल मण्डल की वरिष्ठ मण्डल वाणिज्य प्रबन्धक सुश्री हीना केवलरमानी ने जानकारी देते हुए बताया कि सिंहस्थ 2028 के दौरान डेढ करोड से अधिक श्रद्धालुओं के रेल गाडियों से उज्जैन पंहुचने का अनुमान है। रेलयात्रियों की संख्या में इतनी बडी वृद्धि को देखते हुए रेल मण्डल द्वारा उज्जैन के समीप दो नए रेलवे स्टेशनों का निर्माण किया जा रहा है,ताकि उज्जैन रेलवे स्टेेशन पर पडने वाले यात्रियों दबाव को कम किया जा सके।

सुश्री केवलरमानी ने बताया कि उज्जैन के समीप पवासा और मोहनपुरा में नए रेलवे स्टेशन बनाए जा रहे हैैं। पवासा के नए रेलवे स्टेशन पर दो हाई लेवल प्लेटफार्म्स बनाए जा रहे हैैं। इसके साथ ही यहां छ: मीटर चौडाई के दो फुट ओवर ब्रिज,क्राउड होल्डिंग एरिया और अप्रोच रोड भी बनाए जा रहे हैैं। पवासा के नए स्टेशन पर स्टेशन बिल्डिंग बनाने के साथ ही यात्रियों की सुविधाओं के लिए पब्लिक एनाउंसमेन्ट सिस्टम और डिजीटल इन्फोर्मेशन सिस्टम भी स्थापित किया जाएगा। इसके अलावा यहां यात्रियों की सुïिवधा के लिए यहांं पेयजल और सुविधाघर भी बनाए जा रहे हैैं।

इसी तरह उज्जैैन के समीप मोहनपुरा में भी एक नया रेलवे स्टेशन आकार ले रहा है। मोहनपुरा के इस रेलवे स्टेशन पर तीन नए हाई लेवल प्लेटफार्म्स होंगे। इसके साथ ही छ: मीटर चौडाई के दो फुट ओवरब्रिज,क्राउड होल्डिंग फेसिलिटी का भी निर्माण किया जा रहा है। मोहनपुरा रेलवे स्टेशन पर यात्रियों की सुविधा के लिए न सिर्फ पब्लिक एनाउंसमेन्ट सिस्टम और डिजीटल इन्फोर्मेशन सिस्टम लगाया जाएगा बल्कि ये पूरा स्टेशन सीसीटीवी कैमरों की निगरानी में भी रहेगा। इसके अलावा यहां पेयजल और सुविधाघर भी उपलब्ध रहेंगे।

उज्जैन रेलवे स्टेशन पर यात्रियों की भीड के दबाव को इन दो नए स्टेशनों की मदद से कम किया जा सकेगा। कुछ यात्री गाडियों को इन्ही स्टेशनों पर विराम दिया जाऐगा। ये गाडियां उज्जैन स्टेशन पर जाने की बजाय यहीं से चलेंगी।