रतलाम पुलिस का नशा तस्करों की अवैध कमाई पर प्रहार: SAFEMA कोर्ट ने 3.78 करोड़ रुपये की संपत्तियां कीं फ्रीज
रतलाम, 28 सितंबर (इ खबर टुडे)। जिले में नशा तस्करों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत रतलाम पुलिस को एक और बड़ी सफलता मिली है। पुलिस अधीक्षक अमित कुमार के निर्देशन में कार्रवाई करते हुए रतलाम पुलिस ने नशा तस्करी से अर्जित अवैध संपत्तियों पर सीधा प्रहार किया है। SAFEMA/NDPSA सक्षम प्राधिकारी (मुंबई) ने जिले के दो अलग-अलग मामलों में नशा तस्करों और उनके परिजनों की लगभग 3.78 करोड़ रुपये मूल्य की संपत्तियों को फ्रीज करने के आदेशों की पुष्टि (Confirmation) कर दी है।
पुलिस अधीक्षक अमित कुमार ने स्पष्ट किया कि नशा तस्करों को जेल भेजने के साथ-साथ तस्करी से अर्जित धन और निर्मित संपत्तियों को नष्ट करना भी पुलिस की प्राथमिकता है, ताकि इनके आर्थिक नेटवर्क को पूरी तरह ध्वस्त किया जा सके।
मामला 1: जावरा के तस्कर रईस की 48 लाख की कृषि भूमि फ्रीज
थाना औद्योगिक क्षेत्र जावरा अंतर्गत ग्राम उमटपालिया निवासी आरोपी रईस पिता शाबिर खान मेवाती के खिलाफ 1623.300 किलोग्राम डोडा चूरा जब्ती मामले (प्रकरण क्रमांक 452/2013) में कार्रवाई की गई थी। विशेष न्यायाधीश NDPS जावरा द्वारा आरोपी को पहले ही 15 वर्ष के सश्रम कारावास और 1.50 लाख रुपये के अर्थदंड की सजा सुनाई जा चुकी है।
पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी पिछले 10-15 वर्षों से मध्य प्रदेश और राजस्थान में नशा तस्करी में लिप्त था। संपत्ति अर्जन का कोई वैध स्रोत न दर्शा पाने पर सक्षम प्राधिकारी ने ग्राम उमटपालिया स्थित आरोपी की 3 कृषि भूमियों (सर्वे नं. 102126/1/1/1, 102126/1/1/2, एवं 102126/2/1) जिनकी कीमत लगभग 48 लाख रुपये है, के फ्रीजिंग आदेश की पुष्टि की।
मामला 2: बिलपांक के तस्कर दिनेश की 3.30 करोड़ की 5 संपत्तियां सीज
थाना बिलपांक क्षेत्र के ग्राम धराड़ निवासी आरोपी दिनेश पिता गिरधारी लाल को 81 किलोग्राम डोडा चूरा के साथ 28 दिसंबर 2024 को गिरफ्तार किया गया था। आरोपी को विशेष न्यायाधीश NDPS रतलाम द्वारा 10 वर्ष की जेल और 1 लाख रुपये के अर्थदंड की सजा सुनाई जा चुकी है।
जांच में सामने आया कि आरोपी का नेटवर्क पंजाब और राजस्थान तक फैला था और उसके परिवार की आय का कोई वैध स्रोत नहीं था। इस आधार पर सक्षम प्राधिकारी ने उसकी कुल 3.30 करोड़ रुपये मूल्य की 5 संपत्तियों को फ्रीज करने के आदेश पर मुहर लगाई।
फ्रीज की गई संपत्तियां
कृषि भूमि सर्वे नं. 1582/5(S) — 0.62 हेक्टेयर
कृषि भूमि सर्वे नं. 1627/3(S) — 0.54 हेक्टेयर
कृषि भूमि सर्वे नं. 1582/1(S) — 0.62 हेक्टेयर
कृषि भूमि सर्वे नं. 1732/2(S) — 0.42 हेक्टेयर
एक आवासीय मकान (111.48 वर्ग मीटर)
पुलिस टीम की सराहनीय भूमिका
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक रतलाम ग्रामीण विवेक कुमार लाल एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक रतलाम शहर राकेश पन्द्रो के मार्गदर्शन में इस पूरी कार्रवाई को अंजाम दिया गया। इसमें डीएसपी प्रकाश गडरिया, औद्योगिक क्षेत्र जावरा थाना प्रभारी, बिलपांक थाना प्रभारी निरीक्षक अय्यूब खान, उप निरीक्षक दिनेश नागर, प्रधान आरक्षक मनीषा पाटीदार, आरक्षक सुनीता जाट एवं आरक्षक राकेश प्रजापत की सराहनीय भूमिका रही।