चेहल्लुम पर्व को लेकर रतलाम पुलिस अलर्ट, एसपी अमित कुमार ने जावरा के हुसैन टेकरी पहुंचकर लिया जायजा
रतलाम, 01 अगस्त (इ खबर टुडे)। आगामी चेहल्लुम पर्व को देखते हुए रतलाम पुलिस ने जिले में कानून-व्यवस्था और सुरक्षा को लेकर तैयारियां तेज कर दी हैं। शनिवार को पुलिस अधीक्षक अमित कुमार ने दल-बल के साथ थाना औद्योगिक क्षेत्र जावरा स्थित प्रसिद्ध धार्मिक स्थल हुसैन टेकरी का दौरा किया और सुरक्षा, यातायात व अन्य व्यवस्थाओं का गहन निरीक्षण किया।
एसपी ने पूरे परिसर का भ्रमण कर श्रद्धालुओं की संभावित भीड़, पार्किंग, आवाजाही के रास्तों और सुरक्षा बिंदुओं की वर्तमान स्थिति को समझा।
निरीक्षण के बाद पुलिस अधीक्षक अमित कुमार ने मौके पर तैनात पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों की एक विशेष बैठक ली। बैठक में उन्होंने निर्देश दिए कि हुसैन टेकरी आने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए प्रमुख मार्गों, प्रवेश/निकास द्वारों और पार्किंग स्थलों पर यातायात सुचारु रखा जाए। संवेदनशील और भीड़भाड़ वाले इलाकों में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर लगातार पेट्रोलिंग की जाए। अफवाहों और भ्रामक खबरों को रोकने के लिए पुलिस के सूचना तंत्र को सक्रिय रखते हुए सोशल मीडिया पर पैनी निगरानी रखी जाए। ड्यूटी पर तैनात जवान पूरी सतर्कता और संवेदनशीलता बरतें व आमजन एवं श्रद्धालुओं के साथ सहयोगात्मक रवैया अपनाएं।
"चेहल्लुम पर्व शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराना रतलाम पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है। श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधा में कोई कसर नहीं छोड़ी जाएगी।"
— अमित कुमार, पुलिस अधीक्षक, रतलाम