रतलाम: आदतन अपराधियों पर रतलाम पुलिस का बड़ा प्रहार, 28 की जमानत निरस्त; 11 पहुंचे जेल
रतलाम, 05 सितम्बर (इ खबर टुडे)। पुलिस द्वारा आदतन और सक्रिय अपराधियों पर शिकंजा कसने के लिए एक विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसके तहत जमानत पर बाहर आकर पुनः आपराधिक गतिविधियों में लिप्त होने वाले अपराधियों के खिलाफ ठोस पैरवी करते हुए न्यायालय से अब तक कुल 28 आदतन अपराधियों की जमानत निरस्त कराई जा चुकी है।
पुलिस द्वारा प्रस्तुत किए गए ठोस तथ्यों एवं आपराधिक रिकॉर्ड के आधार पर माननीय उच्च न्यायालय इंदौर खंडपीठ एवं जिला व सत्र न्यायालय रतलाम ने ये आदेश जारी किए हैं। वर्ष 2026 में रतलाम पुलिस ने कार्रवाई तेज करते हुए अकेले इस साल रिकॉर्ड 23 अपराधियों की जमानत निरस्त करवाई है। इनमें से 11 आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है, जबकि बाकी बचे आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष टीमें लगातार दबिश दे रही हैं। इसके अलावा, 12 अन्य आदतन अपराधियों की जमानत निरस्ती के प्रतिवेदन फिलहाल अदालत में विचाराधीन हैं, जिनमें पुलिस प्रभावी पैरवी कर रही है।
वर्षवार और थाना-वार आंकड़ा
2024: 05
2025: 00
2026: 23
कुल: 28
थाना-वार प्रमुख सफलताएं
जिले में सफलता पाने वाले थानों में थाना माणकचौक 05, थाना जावरा शहर 04, थाना औद्योगिक क्षेत्र रतलाम 03, थाना दीनदयाल नगर रतलाम 03, थाना औद्योगिक क्षेत्र जावरा 03, (सीएसपी जावरा के 1 अन्य प्रकरण सहित कुल 04), थाना कालूखेड़ा 03,थाना आलोट 02, थाना बिलपांक 02, थाना शिवगढ़ 01, थाना रिंगनोद 01 शामिल है।
बेहतर कार्य करने वाले पुलिसकर्मी होंगे पुरस्कृत
आदतन अपराधियों के विरुद्ध इस सख्त और प्रभावी कार्रवाई में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले थाना प्रभारियों, अधिकारियों एवं कर्मचारियों को पुलिस अधीक्षक श्री अमित कुमार द्वारा पुरस्कृत किया जाएगा।
अपराधियों को एसपी की सख्त चेतावनी
एसपी अमित कुमार ने स्पष्ट किया है कि रतलाम पुलिस केवल अपराध दर्ज करने तक सीमित नहीं रहेगी। जमानत की शर्तों का उल्लंघन करने और समाज में भय फैलाने वाले अपराधियों का पूरा रिकॉर्ड खंगालकर अदालत में प्रभावी पैरवी जारी रहेगी। रतलाम पुलिस का साफ संदेश है—कानून का लाभ उठाकर बार-बार अपराध करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा।