{"vars":{"id": "115716:4925"}}

ड्रग्स माफियाओं पर रतलाम पुलिस का शिकंजा; अंतरराज्यीय सिंडिकेट का एक और मुख्य आरोपी हारुन गिरफ्तार

बड़ी कार्रवाई: पिपलोदा और कालूखेड़ा (चिकलाना) ड्रग फैक्ट्री मामलों में अब तक कुल 31 आरोपी सलाखों के पीछे
 
फरार आरोपियों की तलाश में ताबड़तोड़ दबिश जारी
 

रतलाम, 12 जून (इ खबर टुडे)। रतलाम जिले में अवैध मादक पदार्थों और नशे के सौदागरों के खिलाफ पुलिस का महाअभियान लगातार जारी है। पुलिस अधीक्षक अमित कुमार के कड़े निर्देशन और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विवेक कुमार के मार्गदर्शन में विशेष टीमों ने अंतरराज्यीय एमडी (MD) ड्रग्स नेटवर्क की कमर तोड़ दी है। साल 2026 में उजागर हुई दो बड़ी ड्रग निर्माण फैक्ट्रियों—थाना कालूखेड़ा के चिकलाना और थाना पिपलोदा के बोरखेड़ा—से जुड़े आरोपियों पर पुलिस का शिकंजा लगातार कसता जा रहा है। इसी कड़ी में पुलिस ने पिपलोदा मामले में फरार चल रहे राजस्थान के एक और मुख्य आरोपी हारुन खान को गिरफ्तार करने में बड़ी सफलता हासिल की है।

​थाना पिपलौदा अंतर्गत ग्राम बोरखेड़ा में चल रहे एमडी ड्रग्स निर्माण और तस्करी मामले में पुलिस ने साक्ष्यों और तकनीकी विश्लेषण के आधार पर फरार आरोपियों के खिलाफ घेराबंदी तेज कर दी है। इसी क्रम में 10 जून को पुलिस ने फरार आरोपी हारुन खान पिता शेर अली खान (निवासी कोटड़ी, जिला प्रतापगढ़, राजस्थान) को धरदबोचा और उसे पुलिस अभिरक्षा में लिया है।

​क्या था मामला?
बीते 31 मार्च 2026 को मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने बोरखेड़ा में छापा मारकर जमशेद उर्फ सेठ, रईस खान, सलीम उर्फ राजू और युसुफ खान को 200 ग्राम एमडी ड्रग्स और भारी मात्रा में रासायनिक पदार्थ के साथ गिरफ्तार किया था। मामले की कमान संभाल रहे निरीक्षक शंकर सिंह चौहान ने विवेचना के दौरान कड़ियां जोड़ीं, जिसके बाद 11 मई को सलीम खान और 2 जून को प्रतापगढ़ के पवन उर्फ दीपेश पंडित की गिरफ्तारी हुई। हारुन की गिरफ्तारी के बाद इस केस में पकड़े गए आरोपियों की संख्या 7 हो गई है।

​चिकलाना ड्रग फैक्ट्री: 24 आरोपी गिरफ्तार, अब भी 7 की तलाश
​चालू वर्ष की सबसे बड़ी कार्रवाई 16 जनवरी 2026 को थाना कालूखेड़ा के ग्राम चिकलाना में हुई थी, जहां चल रही अवैध एमडी ड्रग फैक्ट्री का भंडाफोड़ कर पुलिस ने 10 किलो 930 ग्राम एमडी ड्रग्स, केमिकल, हथियार और वाहन जब्त किए थे। शुरुआती दौर में 16 आरोपी दबोचे गए थे।

​इस हाई-प्रोफाइल मामले की अग्रिम जांच निरीक्षक स्वराज डाबी द्वारा की जा रही है। जांच में 15 और नए चेहरे सामने आए, जिनमें से पुलिस ने हाल ही में 8 और आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जिससे इस केस में कुल गिरफ्तारियों का आंकड़ा 24 पहुंच गया है।

​हाल ही में गिरफ्तार हुए 8 आरोपी
​इंन्शा पिता हसन लाला (22 वर्ष, चिकलाना)
​हसन लाला उर्फ हुसैन गुल (चिकलाना)
​फरजाना पति हसन लाला (चिकलाना)
​शाहरुख खान पिता मीर बादशाह (प्रतापगढ़, राजस्थान)
​अमजद पिता खुश्मीर खां (चिकलाना)
​जहांगीर पिता नय्युम खां (चिकलाना)
​सोहेल पिता शेर अफजल खां (26 वर्ष, प्रतापगढ़, राजस्थान)
​मोहनलाल पिता कैलाश चंद्र प्रजापत (25 वर्ष, कालूखेड़ा)

​पुलिस के रडार पर ये 7 फरार आरोपी
​अंतरराज्यीय सिंडिकेट के बचे हुए नेटवर्क को पूरी तरह ध्वस्त करने के लिए पुलिस अब फरार चल रहे आरोपी जावेद पिता जुल्फीकार पठान (जावरा, रतलाम), ​अल्तमस पिता असलम खान पठान (जावरा, रतलाम), ​अनस पिता अफजल खान पठान (जावरा, रतलाम), ​जावेद उर्फ जेजी पिता शाहनवाज पठान (प्रतापगढ़, राजस्थान), ​इमरान पिता हुसैन खां पठान उर्फ सनिया (मुंबई, महाराष्ट्र), ​रोशिंदर सिंह पिता श्रीपाल सिंह गौतम (बुलंदशहर, उत्तर प्रदेश), ​राजू लाला उर्फ नजीमखान पिता वहिद खान (चिकलाना, कालूखेड़ा) की सरगर्मी से तलाश कर रही है।

​सप्लाई चेन और मनी ट्रेल खंगाल रही है पुलिस
​पुलिस अधीक्षक अमित कुमार के अनुसार, गिरफ्तार किए गए आरोपियों से सघन पूछताछ की जा रही है। पुलिस केवल आरोपियों को पकड़ने तक सीमित नहीं है, बल्कि इस अवैध व्यापार के पीछे छिपे आर्थिक लेन-देन (मनी ट्रेल), कच्चे माल की सप्लाई चेन और अंतरराज्यीय नेटवर्क से जुड़े अन्य सफेदपोशों की भी विस्तृत जांच कर रही है। पुलिस का दावा है कि जल्द ही बचे हुए फरार आरोपी भी सलाखों के पीछे होंगे।