{"vars":{"id": "115716:4925"}}

Ratlam News: झांकियां निकालने के लिए थाने में रिपोर्ट देने के साथ लेनी एसडीएम से रूट की अनुमति, व्यवस्था बनाने मूर्ति स्थापना स्थल पर कार्यकर्ता करें तैनात

 

Ratlam News: गणेश प्रतिमा स्थापना मंच निर्माण स्थल एवं डोल ग्यारस, अनंत चतुर्दशी पर निकलने वाली झांकियों के रूट के बारे में एसडीएम को आवेदन देकर अनुमति लें। अनुमति की सूचना संबंधित थाने को भी दें। मूर्तियों के विसर्जन स्थल पर आवश्यक व्यवस्थाओं के साथ पर्याप्त पुलिस बल एवं प्रशिक्षित तैराकों की तैनाती की जाए। यह निर्णय जिलास्तरीय शांति समिति की बैठक में लिए गए। 

कलेक्टर राजेश बाथम ने की बैठक की अध्यक्षता

एसपी कार्यालय के नए पुलिस कंट्रोल रूम में शनिवार को आयोजित बैठक की अध्यक्षता कलेक्टर राजेश बाथम ने की। कलेक्टर ने गणेश चतुर्थी, डोल ग्यारस, ईद मिलाद उन नबी, अनंत चतुर्दशी का त्योहार शांति से मनाने की अपील की। बैठक में कलेक्टर बाथम ने निर्देश दिए कि नगर निगम साफ सफाई एवं निराश्रित पशुओं की व्यवस्था सुनिश्चित करे। बिजली कंपनी चल समारोह, झांकी विसर्जन एवं पारम्परिक जुलूस के दौरान रास्ते में बिजली के पोल आदि पर झूलते तारों को व्यवस्थित करे। झांकियों की विद्युत सज्जा के लिए आयोजक अस्थायी कनेक्शन अवश्य लें। झांकी ऐसी जगह बनाएं जहां यातायात बाधित नहीं हो।

प्रतिमा स्थल पर कार्यकर्ता करें तैनात 

बैठक के दौरान सड़कें निर्माण कार्यों के कारण खुदी हुई हैं उनकी भी संबंधित एजेंसी से मरम्मत करवाने के आदेश भी दिए गए। मूर्ति विसर्जन एवं चल समारोह परम्परागत मार्ग से ही निकलेंगे। ध्वनि विस्तारक यंत्रों की आवाज 55 डेसिबल से ज्यादा नहीं रखें। प्लास्टर ऑफ पेरिस से निर्मित मूर्तियों के बजाय मिट्टी की मूर्तियां बैठाई जाएं। संवेदनशील स्थानों तथा जहां ज्यादा भीड़ रहती वहां पर्याप्त बल लगाएं। जहां प्रतिमा बैठाई जाती है वहां रात को आयोजक अपने कार्यकर्ताओं की ड्यूटी लगाएं। इन कार्यकर्ताओं का नाम-पता व मोबाइल नंबर संबंधित थाने को उपलब्ध करवाएं। एसपी अमित कुमार, एडीएम डॉ. शालिनी श्रीवास्तव, प्रभारी कमिश्नर नगर निगम अनिल भाना, एएसपी राकेश खाखा, एसडीएम आर्ची हरित, भाजपा जिलाध्यक्ष प्रदीप उपाध्याय, शहर काजी
अहमद अली, ज्ञानी मानसिंह, पूर्व महापौर शैलेंद्र डागा, पार्षद पवन सोमानी, यास्मीन शैरानी, प्रवीण सोनी, काजी मसूद अली, सलीम आरीफ आदि मौजूद रहे।

पोल नहीं हटाने से हादसे की आशंका

बैठक में समाजसेवी दिनेश राठौर ने बताया कि डालू मोदी चौराहे पर बिजली का पोल नीचे से सड़ गया है। उसके गिरने से हादसे की आशंका पर बिजली कंपनी को बताया तो उसके पास में महीनेभर पहले नया पोल लगा दिया था। पुराने पोल से तार अब तक शिफ्ट नहीं किए गए। इसके चलते नए के पास पुराना पोल भी खड़ा है। इससे हादसा होने की आशंका बनी हुई है।