रतलाम में निजी स्कूलों की मनमानी पर सख्ती, शिकायत के लिए कंट्रोल रूम स्थापित
रतलाम, 16 अप्रैल (इ खबर टुडे)। जिले में अशासकीय विद्यालयों द्वारा अभिभावकों और विद्यार्थियों को निर्धारित दुकानों से ही किताबें, यूनिफॉर्म और अन्य शैक्षणिक सामग्री खरीदने के लिए बाध्य करने की शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए प्रशासन ने सख्त कदम उठाया है। मध्यप्रदेश शासन के स्कूल शिक्षा विभाग के निर्देश पर कलेक्टर श्रीमती मिशा सिंह ने ऐसे मामलों के निराकरण हेतु कंट्रोल रूम स्थापित किया है।
जिला पंचायत कार्यालय में स्थापित इस कंट्रोल रूम के माध्यम से शैक्षणिक सत्र 2026-27 के दौरान निजी स्कूलों की मनमानी पर नजर रखी जाएगी। यदि कोई विद्यालय विद्यार्थियों या अभिभावकों को किसी विशेष दुकान या स्वयं विद्यालय से ही पुस्तकें, स्टेशनरी, यूनिफॉर्म, जूते आदि खरीदने के लिए मजबूर करता है, तो उसके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
प्रशासन ने आमजन से अपील की है कि ऐसे मामलों की शिकायत कंट्रोल रूम के दूरभाष क्रमांक 07412299372 पर दर्ज कराएं। शिकायतें प्रतिदिन सुबह 10 बजे से शाम 6 बजे तक दर्ज की जाएंगी। प्रशासन का यह कदम अभिभावकों को राहत देने और शिक्षा व्यवस्था में पारदर्शिता सुनिश्चित करने की दिशा में महत्वपूर्ण माना जा रहा है।