{"vars":{"id": "115716:4925"}}

 रतलाम / अनिवार्य बायोमेट्रिक अपडेट अभियान में लगातार दूसरे महीने प्रदेश के शीर्ष 5 जिलों में शामिल

 

 

रतलाम, 06 सितंबर (इ खबर टुडे)। विद्यार्थियों के आधार कार्ड में अनिवार्य बायोमेट्रिक अपडेट (एमबीयू) के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान ‘विद्यार्थी के लिए आधार, अब विद्यालय के द्वार’ में रतलाम जिले ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए प्रदेश के शीर्ष पांच जिलों में अपनी जगह बनाई है। जुलाई के बाद अगस्त 2026 में भी जिले ने शानदार प्रदर्शन जारी रखते हुए 14.4 प्रतिशत की उपलब्धि दर्ज की है।

​कलेक्टर अजय कटेसरिया के मार्गदर्शन और सतत निगरानी में जिलेभर के स्कूलों में यह अभियान प्राथमिकता के साथ चलाया जा रहा है। विद्यालय स्तर पर ही विद्यार्थियों को बायोमेट्रिक अपडेट की सुविधा मिलने से समय की बचत हो रही है और अधिक से अधिक छात्र इसका लाभ उठा पा रहे हैं। संबंधित विभागों द्वारा इसकी नियमित समीक्षा भी की जा रही है।

​यूआईडीएआई निदेशक ने दी बधाई
इस उपलब्धि पर भारतीय दूरसंचार सेवा (मध्यप्रदेश) के निदेशक श्री सुमित मिश्रा ने कलेक्टर श्री अजय कटेसरिया, स्कूल शिक्षा विभाग और ई-गवर्नेंस (DeGS) की टीम को बधाई दी। उन्होंने विश्वास जताया कि रतलाम जिला आगे भी इसी तरह उत्कृष्ट प्रदर्शन बनाए रखेगा।

​इनकी रही मुख्य भूमिका
अभियान को सफल बनाने में स्कूल शिक्षा विभाग, डीईजीएस, विद्यालयों के शिक्षकों और मैदानी अमले का सराहनीय योगदान रहा है।