{"vars":{"id": "115716:4925"}}

 
पिछले वर्ष की तुलना में अधिक आय अर्जित की रेलवे के वाणिज्य विभाग ने,यात्री टिकट और मॉल ढुलाई के साथ अन्य कई रेकार्ड भी बनाए

 
 अगस्त 2025 में  एक माह में 105.25 करोड़ का सर्वाधिक यात्री राजस्व 
रतलाम स्टेशन पर नया बुकिंग कार्यालय
डी-ओ-सी एवं खाद्यान्न यातायात में अब तक की सर्वोच्च लोडिंग
बरायला चौरासी में नया गुड्स शेड प्रारम्भ 
 

रतलाम, 30 दिसम्बर( इ खबर टुडे)। वित्तीय वर्ष 2025-26 (नवंबर तक) के दौरान पश्चिम रेलवे, रतलाम मंडल के वाणिज्य विभाग ने यात्री, माल एवं गैर-किराया राजस्व के क्षेत्रों में उल्लेखनीय उपलब्धियाँ दर्ज की हैं।

पश्चिम रेलवे रतलाम मण्‍डल के जनसंपर्क अधिकारी  मुकेश कुमार द्वारा जारी एक प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, इस अवधि में मंडल का यात्री राजस्व 761.11 करोड़ रहा, जो पिछले वर्ष की समान अवधि की तुलना में 8.38% अधिक है। अगस्त 2025 में मंडल ने पहली बार एक माह में 105.25 करोड़ का सर्वाधिक यात्री राजस्व अर्जित कर नया रिकॉर्ड स्थापित किया। जो पिछले वर्ष तथा मुख्यालय द्वारा निर्धारित लक्ष्य से अधिक है। यात्री सुविधा विस्तार के तहत रतलाम स्टेशन पर नया बुकिंग कार्यालय प्लेटफार्म नंबर 2 पर प्रारंभ किया गया।

माल यातायात एवं विपणन प्रयासों के क्षेत्र में मंडल ने उर्वरक, सोया डी-ओ-सी एवं खाद्यान्न यातायात में अब तक की सर्वोच्च लोडिंग प्राप्त की।उर्वरक से 65.77 करोड़, सोया डी-ओ-सी से 45.41 करोड़ तथा खाद्यान्न से 76.85 करोड़ का माल राजस्व अर्जित किया गया। व्यापक विपणन के परिणामस्वरूप छोटे व्यापारियों से 2308 वैगनों की पीसमील लोडिंग की गई। बरायला चौरासी में नया गुड्स शेड तथा बिंजाना गुड्स शेड के पुनः संचालन से भी अतिरिक्त माल राजस्व प्राप्त हुआ। नए ग्राहकों एवं नए गंतव्यों से कुल 49.5 रेक का नया यातायात अर्जित किया गया।

टिकट जांच के क्षेत्र में रतलाम मंडल का राजस्व 17.56 करोड़ रहा, जो पिछले वर्ष की तुलना में 38.42% अधिक है। टीटीई लॉबी में बायोमेट्रिक उपस्थिति प्रणाली लागू की गई तथा अवैध रियायती यात्रा के विरुद्ध विशेष अभियानों में उल्लेखनीय जुर्माना वसूला गया। उज्जैन स्टेशन पर स्वच्छता के लिए चलाए गए विशेष अभियान को रेलवे बोर्ड स्तर पर सराहना की गई है।


वित्तीय वर्ष 2025-26 (नवंबर तक) के दौरान रतलाम मंडल ने 7.92 करोड़ का गैर-किराया राजस्व  अर्जित किया, जो पिछले वर्ष की समान अवधि की तुलना में 14.24% अधिक है तथा मुख्यालय द्वारा निर्धारित लक्ष्य से भी अधिक है। इसी अवधि में मंडल का पार्किंग राजस्व ₹2.87 करोड़ रहा, जिसमें 21.85% की वृद्धि दर्ज की गई। कैटरिंग राजस्व 4.59 करोड़ रहा, जो पिछले वर्ष की तुलना में 6.94% अधिक है। इसके अतिरिक्त पे-एंड-यूज़ शौचालयों से 42.62 लाख का राजस्व प्राप्त हुआ, जो 14.63% की वृद्धि को दर्शाता है।

रतलाम रेलवे स्टेशन के 100 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर आयोजित शताब्दी समारोह की व्यापक सराहना हुई तथा सोशल मीडिया पर भी उल्लेखनीय सहभागिता देखने को मिली। इंदौर स्टेशन पर अपशिष्ट प्रबंधन प्रणाली को व्यय आधारित अनुबंध से परिवर्तित कर राजस्व अर्जित करने वाला अनुबंध बनाया गया, जिससे पाँच वर्षों में 31 लाख की आय के साथ 47 लाख की व्यय बचत हुई।

इसके अतिरिक्त, चित्तौड़गढ़ स्थित ‘फोर्ट व्यू रेलवे रिट्रीट’ (MOT भवन) के प्रबंधन को आउटसोर्स किया गया, जिससे 28.51 लाख प्रतिवर्ष, अर्थात पाँच वर्षों में 1.68 करोड़ की आय अपेक्षित है। चित्तौड़गढ़ स्टेशन पर विज्ञापन सहित बैटरी चालित कार्ट, रतलाम स्टेशन पर मिनी मॉल, रतलाम, इंदौर, उज्जैन एवं चित्तौड़गढ़ स्टेशनों पर डिजिटल लॉकर, पूजा सामग्री कियोस्क, कॉलोनी कैफे कॉर्नर, ब्रांड प्रमोशन स्टोर्स तथा प्रतीक्षालय एवं रिटायरिंग रूम के आउटसोर्सिंग जैसे अनेक प्रकल्प स्वीकृत किए गए हैं।इन पहलों से आने वाले वर्षों में कई करोड़ रुपये के स्थायी गैर-किराया राजस्व की प्राप्ति सुनिश्चित होगी।