{"vars":{"id": "115716:4925"}}

 Raag Ratlami MSME Minister : और ज्यादा बडे हो गए छोटे उद्योगों के बडे मंत्री जी/ बच्चियों के धरने का असर,सभी की होगी जांच / चप्पे चप्पे पर चल रहे मैखाने
​​​​​​​

 

 

-तुषार कोठारी

रतलाम। छोटे और मझौले उद्योगों की जिम्मेदारी सम्हालने वाले बडे मंत्री जी अब पहले से कहीं ज्यादा बडे हो गए है। सूबे के मुखिया ने अपने प्रभार वाले जिले का प्रभार भैया जी को सौंप दिया है। भैया जी पहले से ही दो जिले सम्हाल रहे थे और अब सूबे की आर्थिक राजधानी कहे जाने वाले महानगरीय जिले का प्रभार भी वे ही सम्हालेंगे। 

इन्दौर सूबे की आर्थिक राजधानी तो है ही,फूल छाप और पंजा पार्टी दोनो ही पार्टियों के बडे बडे दिग्गज यहां विराजते है। हाल की सरकार में तो यहां के भाई सूबे का मुखिया बनने के दावेदार थे। ये अलग बात है कि फूल छाप के दिल्ली वाले नेताओं ने पूरे सूबे की जिम्मेदारी महाकाल की नगरी वाले भैया को दिलवा दी। कुछ सालों पहले देश की संसद सम्हालने वाली ताई भी यहीं विराजती है। इसके अलावा भी यहां न सिर्फ कई बडे दिग्गज है,बल्कि इनकी आपसी खींचतान भी पूरे सूबे में चर्चित रहती आई है। इन्दौरी सूरमाओं की खींचतान को कंट्रोल में रखना हिलती हुई रस्सी पर संतुलन साध कर चलने जैसी कलाकारी है। 

चुनौती बहुत बडी है,लेकिन ये जिम्मेदारी मिलना अपने आप में इसका सबूत भी है कि फूल छाप के बडे नेताओं को भैयाजी की काबिलियत पर पूरा भरोसा है। यही वजह है कि उन्हे एक साथ तीन तीन जिलों की जिम्मेदारी दी गई है। 

फूल छाप के इस फैसले से फूलछाप के रतलामी नेताओं को खुशी तो बहुत मिली है और ये उम्मीद भी जगी है कि अब भैया जी का कद पहले से काफी बडा हो गया है। लेकिन इसी के साथ एक चिन्ता ये भी हो गई है कि अब रतलाम को मिलने वाले वक्त में और कटौती हो जाएगी। उनकी व्यस्तता बढना लाजिमी है और उन्हे इस बात का खास ख्याल रखना होगा कि रतलाम को इसका कोई खामियाजा ना भुगतना पड जाए।

बच्चियों के धरने का असर,जांच होगी सभी की

सरकार ने दलित और वनवासी वर्ग के कल्याण के लिए बाकायदा अलग से एक महकमा बनाया है। इस महकमे का नाम ही इस वर्ग के कल्याण का रखा गया है। ये महकमा इसी वर्ग के छात्रा छात्राओं के लिए स्कूल और आवासीय विद्यालय भी चलाता है। सरकार और महकमा इस बात के बडे बडे दावे करते है कि महकमा तमाम सुविधाएं देता है,लेकिन इन दावों की पोल तब खुल जाती है जब स्कूली छात्राएं लम्बी दूरी पैदल तय करके महकमे की गडबडियों के खिलाफ धरना देने को मजबूर हो जाती है।

शहर के बाहरी कोने पर बच्चियों के लिए चलाए जा रहे छात्रावास में रहने वाली बच्चियां बीते दिनों सडक़ पर पैदल चलती हुई देखी गई। ये बच्चियां कई किमी पैदल चल कर जिला इंतजामिया के बडे साहब से मिलने पंहुची। बच्चियों ने दफ्तर में पंहुचकर धरना शुरु कर दिया। वे चाहती थी कि महकमे के दावों की हकीकत सबसे सामने आए।

बच्चियों के धरने से महकमे में हडकम्प मच गया। महकमे की बडी मैडम भी वहा जा पंहुची। स्कूल के बडे सर भी पंहुच गई। बच्चियों का कहना था कि ना तो उन्हे ढंग का खाना खिलाया जाता है और ना ही सुविधाएं दी जा रही हैैं। यहां तक कि ठण्ड का मौसम आने के बावजूद भी उन्हे कम्बल नहीं दिए जा रहे है और ये बच्चियां सर्दियों में ठिठुरने को मजबूर है।

जिला मुख्यालय पर चलने वाले छात्रावास की हालत ये है तो दूर दराज के इलाकों में चल रहे छात्रावासों की हालत का अन्दाजा आसानी से लगाया जा सकता है। महकमे के अफसर बच्चों के लिए आने वाले बजट का हिस्सा खुद ही चट कर जाते है और बच्चे बच्चियां सुविधाओं के लिए तरसते रहते हैैं। 

धरना देने वाली बच्चियों के धरने का असर तगडा हुआ। जिला इंतजामिया के बडे साहब ने फौरन समस्याएं हल करने का फरमान तो जारी किया ही,साथ ही दो नम्बर वाले साहब की सदारत में एक जांच कमेटी भी बना दी। जांच कमेटी को जिले भर के स्कूलों और होस्टलों की विस्तृत जांच करने को कहा गया है। बडे साहब ने एक पखवाडे के भीतर जांच रिपोर्ट भी देने का फरमान दिया है,ताकि जिले भर में चल रही गडबिडयों की हकीकत सामने आ सके। उम्मीद की जाना चाहिए कि ये जांच स्कूलों और होस्टलों के बच्चों को उनका हक दिलवा सकेगी।

चप्पे चप्पे पर चल रहे मैखाने,मदिरा महकमा मजे में

मदिरा के कारोबार पर नजर रखने वाले महकमे के अफसर इन दिनों भारी मजे में है। सरकार ने जब से मदिरा दुकानों के साथ चलने वाले अहातो पर रोक लगाई है,मदिरा वाले महकमे के अफसरों की चांदी हो गई है। अहाते बन्द होने के एवज में अब जिले भर में चप्पे चप्पे पर मैखाने खुल गए है। इन मैखानों से मदिरा वाले महकमे के अफसरों की जमकर कमाई हो रही है।

जिले के किसी भी इलाके में चले जाइए। इन दिनों हर तरफ ढाबों की भरमार हो गई है। छोटे छोटे गांवों तक में ढाबे खुल गए है। ढाबे वहां भी खुल गए है,जहां बाहरी लोगों की आïवाजााही बहुत ही कम होती है। ये ढाबे ही असल में मदिरालय है। इन ढाबों पर हर तरह की मदिरा उपलब्ध होती है। यहां आने वालों में भोजन करने वाले कम होते है जबकि पीने वाले बहुत ज्यादा होते है। इन मैखानो से महकमे के लोग जमकर कमाई कर रहे है। बीच बीच में दिखावे के लिए छोटी मोटी कार्रवाई भी कर दी जाती है,ताकि कोई यह ना कह सके कि महकमा कोई काम नहीं कर रहा है। लेकिन असलियत यही है कि महकमा इन दिनो मजे में है।